नैनीताल। डी.एस.बी. परिसर में छात्र-छात्राओं के लिए मूलभूत सुविधाओं के विकास तथा शैक्षणिक वातावरण को बेहतर बनाने की मांग को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) ने सोमवार को पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष उत्कर्ष बिष्ट के नेतृत्व में कुमाऊँ विश्वविद्यालय के कुलपति को ज्ञापन सौंपा।ज्ञापन में परिषद ने परिसर में खेल मैदान का विकास, आधुनिक स्मार्ट बोर्ड की स्थापना, ई-लाइब्रेरी की सुविधा, खेल सामग्री उपलब्ध कराने, स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था, शौचालयों के रखरखाव एवं पर्याप्त संख्या में निर्माण, परिसर के सौंदर्यीकरण तथा नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित किए जाने की मांग उठाई।
अभाविप कार्यकर्ताओं का कहना था कि इन सुविधाओं के अभाव में छात्र-छात्राओं को कई प्रकार की कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि यदि इन मांगों पर शीघ्र कार्रवाई की जाती है तो विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण के साथ-साथ खेल एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों के लिए भी अनुकूल माहौल मिलेगा।ज्ञापन सौंपने के दौरान पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष उत्कर्ष बिष्ट के साथ छात्रसंघ उपसचिव चेतन बिष्ट, जयवर्धन, अतुल रावत तथा गौरव भट्ट सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।







