★. टनकपुर में सरस कॉर्बेट महोत्सव–2026 का भव्य आयोजन
★. ग्राम्य विकास मंत्री गणेश जोशी ने स्टॉलों का किया निरीक्षण, स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक सहायता प्रदान
(चन्दन सिंह बिष्ट) “स्टार खबर”
टनकपुर (चंपावत)। गणेश जोशी ने टनकपुर में आयोजित चंपावत सरस कॉर्बेट महोत्सव–2026 में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न विभागों, स्वयं सहायता समूहों एवं स्थानीय उद्यमियों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और उत्पादों की गुणवत्ता की सराहना करते हुए प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने 17 पशु सखियों को मोबाइल फोन वितरित किए। साथ ही रीप योजना के अंतर्गत 6 स्वयं सहायता समूहों को सामूहिक उद्यम हेतु ₹6-6 लाख के अंशदान चेक प्रदान किए गए। इसके अतिरिक्त 3 महिलाओं को व्यक्तिगत स्वरोजगार के लिए ₹1-1 लाख की आर्थिक सहायता दी गई।

बाल विकास विभाग की पहल के तहत आयोजित सामूहिक जन्मदिवस समारोह में मंत्री ने 25 बालिकाओं के साथ केक काटकर उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि बालिकाएं समाज और राष्ट्र की अमूल्य धरोहर हैं तथा उनके सर्वांगीण विकास के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है। शिक्षा, स्वास्थ्य एवं आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए उन्होंने बालिकाओं को प्रेरित किया। अपने संबोधन में मंत्री ने बताया कि इस वर्ष महोत्सव का आयोजन “शीतकालीन कॉर्बेट महोत्सव” की थीम पर किया गया है, जिसका उद्देश्य प्रदेश में शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन पर्यटन संवर्धन के साथ-साथ स्थानीय कला, संस्कृति एवं उत्पादों को व्यापक पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। फूड फेस्टिवल के माध्यम से पारंपरिक व्यंजनों को मंच मिलने से स्वयं सहायता समूहों और छोटे उद्यमियों को आर्थिक सशक्तिकरण मिलेगा।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के निर्माण और विकास में मातृशक्ति की अहम भूमिका रही है। यह महोत्सव युवाओं को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने के साथ-साथ ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान को मजबूती देगा और स्थानीय उत्पादों को वैश्विक बाजार तक पहुंचाने में सहायक सिद्ध होगा। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, नगर पालिका अध्यक्ष विपिन कुमार, ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा, भाजपा जिला उपाध्यक्ष मुकेश कलखुड़िया, गौरव सैनानी समिति अध्यक्ष कैप्टन भानी चंद, जिलाधिकारी मनीष कुमार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।





