नैनीताल।मनोरा पीक स्थित आर्यभट्ट प्रेक्षण विज्ञान शोध संस्थान (एरीज) ने 22 मार्च को अपने स्थापना के 22 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 18 से 24 मार्च तक विविध कार्यक्रमों के साथ स्थापना दिवस समारोह आयोजित किया।
समारोह की शुरुआत 18 मार्च को रक्तदान शिविर से हुई, जिसमें संस्थान के कर्मचारियों और शोधार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वेच्छा से रक्तदान किया। इसके पश्चात 19 मार्च को भाषण प्रतियोगिता तथा 20 मार्च को क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
23 मार्च को आयोजित आंतरिक विज्ञान-तकनीकी बैठक में संस्थान के वैज्ञानिकों एवं अभियंताओं ने बीते एक वर्ष की उपलब्धियों की समीक्षा की तथा भविष्य की योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की। इस अवसर पर संस्थान के प्रथम एवं पूर्व निदेशक प्रो. राम सागर ने विशेष व्याख्यान देते हुए एरीज तथा 3.6 मीटर देवस्थल ऑप्टिकल टेलीस्कोप की स्थापना से जुड़ी महत्वपूर्ण झलकियाँ साझा कीं और वैज्ञानिकों व शोधार्थियों को प्रेरित किया। शाम को सांस्कृतिक संध्या का आयोजन भी किया गया, जिसने कार्यक्रम में उत्साह का रंग भर दिया।
इसी दौरान विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, भारत सरकार द्वारा एरीज पर आधारित एक लघु फिल्म भी सोशल मीडिया के माध्यम से जारी की गई।
24 मार्च को समापन दिवस पर 3.6 मीटर देवस्थल ऑप्टिकल टेलीस्कोप (डॉट) की 10वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में इस दूरबीन से प्राप्त वैज्ञानिक उपलब्धियों पर विशेष व्याख्यान आयोजित किए गए। साथ ही भारतीय खगोल विज्ञान के संदर्भ में डॉट की भविष्य की संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श किया गया।
इस सत्र में एरीज के अलावा टाटा मूलभूत अनुसंधान संस्थान, मुंबई तथा हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों ने भी भागीदारी की।
उल्लेखनीय है कि 31 मार्च 2016 को नरेंद्र मोदी द्वारा 3.6 मीटर देवस्थल ऑप्टिकल टेलीस्कोप का उद्घाटन किया गया था।
- अंतरराष्ट्रीय
- आस्था
- उत्तर प्रदेश
- उत्तराखंड
- खेल
- जनता कहिन
- दिल्ली
- बरेली
- बुद्धिजीवियों का कोना
- राष्ट्रीय
- विविध
- हाईकोर्ट







