ढीलम गांव को सड़क से जोड़ने की मांग तेज.. यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष विक्रम दानू ने दी आंदोलन की चेतावनी.. रिपोर्ट- (सुनील भारती ) “स्टार खबर” नैनीताल..

6

पिथौरागढ़।डीडीहाट पंचायत चुनाव में जीत हासिल करने और पुनः यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष बनने के बाद जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि विक्रम दानू अपने क्षेत्र के भ्रमण पर निकले। इसी क्रम में वह ग्राम सभा ढीलम पहुंचे, जहां उन्होंने मातृशक्ति, बुजुर्गों, युवाओं और ग्रामीणों से मुलाकात कर उनका आभार व्यक्त किया तथा क्षेत्र की समस्याओं को सुना।

ग्रामीणों ने बताया कि आजादी के 78 वर्ष बीत जाने के बावजूद ढीलम गांव अब तक मोटर मार्ग से नहीं जुड़ पाया है। हालत यह है कि बीमार लोगों को डोली के सहारे मुख्य सड़क तक लाना पड़ता है, जिससे उन्हें भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। वहीं, खाद्यान्न और अन्य जरूरी सामान भी आज तक घोड़े-खच्चरों या पीठ पर ढोकर गांव तक पहुंचाया जाता है।
इस स्थिति पर नाराजगी जताते हुए विक्रम दानू ने कहा कि यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है कि आज भी गांव बुनियादी सुविधाओं से वंचित है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही ढीलम गांव को मोटर मार्ग से नहीं जोड़ा गया, तो वह क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों के साथ मिलकर बड़ा जन आंदोलन करने को मजबूर होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग करते हुए कहा कि ढीलम गांव को प्राथमिकता के आधार पर सड़क सुविधा से जोड़ा जाए, ताकि ग्रामीणों को राहत मिल सके।
इस दौरान सुरेन्द्र पाना, किशोर, मन्नू, हरीश, कुंदन, विक्की, दीपु, संदीप और मनोज पालीवाल सहित कई ग्रामीण उपस्थित रहे।