नयना देवी हिमालयन बर्ड कंजर्वेशन रिजर्व में 4 दिवसीय पक्षी एवं जैव-विविधता सर्वेक्षण संपन्न…
रिपोर्ट- (सुनील भारती ) “स्टार खबर” नैनीताल…
नैनीताल। आकाश गंगवार, प्रभागीय वनाधिकारी/निदेशक, प्राणी उद्यान, नैनीताल के निर्देशन में नैनीताल वन प्रभाग एवं ओरियनटल ट्रेल के सहयोग से नयना देवी हिमालयन बर्ड कंजर्वेशन रिजर्व में 11 से 14 दिसंबर 2025 तक चार दिवसीय पक्षी एवं जैव-विविधता सर्वेक्षण का सफल आयोजन किया गया। सर्वेक्षण का उद्देश्य क्षेत्र की पक्षी प्रजातियों सहित अन्य वन्यजीवों का दस्तावेजीकरण करना तथा प्रतिभागियों, वन विभाग के अधिकारियों और स्थानीय गाइडों के बीच सहयोग को सशक्त बनाना रहा।
सर्वेक्षण का नेतृत्व ओरियनटल ट्रेल के संस्थापक अमित शंकल्या एवं सह-संस्थापक कृति महतो ने किया। कार्यक्रम को प्रभागीय वनाधिकारी, नैनीताल वन प्रभाग आकाश गंगवार तथा उप प्रभागीय वनाधिकारी ममता चंद का विशेष मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। इसमें वन क्षेत्राधिकारी प्राणी उद्यान नैनीताल आनंद लाल, वन क्षेत्राधिकारी नैना वन क्षेत्र ललित मोहन कार्की, वन क्षेत्राधिकारी भवाली वन क्षेत्र विजय मेलकानी तथा वन क्षेत्राधिकारी कोसी वन क्षेत्र मनोज भगत की सक्रिय भागीदारी रही।
देश के 9 राज्यों—महाराष्ट्र, तेलंगाना, गुजरात, मध्य प्रदेश, कर्नाटक, उत्तर प्रदेश, ओडिशा, राजस्थान और उत्तराखंड—से आए कुल 42 प्रतिभागियों ने इस सर्वेक्षण में हिस्सा लिया। प्रतिभागियों द्वारा बॉटनिकल गार्डन, किलबरी, विनायक, कुंजाखड़क, भवाली, महेशखान, चाफी और मुक्तेश्वर सहित कुल 40 ट्रेल्स पर सर्वे किया गया। सर्वेक्षण प्रतिदिन दो चरणों में प्रातः 7:00 से 11:00 बजे तथा अपराह्न 2:30 से 4:00 बजे तक आयोजित किया गया।
सर्वेक्षण के दौरान 150 से अधिक पक्षी प्रजातियों का अभिलेखन किया गया, जिनमें व्हाइट-कॉलर ब्लैकबर्ड, माउंटेन हॉक ईगल, फायर-ब्रेस्टेड फ्लावरपेक्कर और कोकलास तीतर प्रमुख रहे। इसके अतिरिक्त स्तनधारी प्रजातियों में लेपर्ड कैट, हिमालयन सेरो, येलो-थ्रोटेड मार्टन तथा बाघ की मौजूदगी के संकेत (मल/स्कैट) भी दर्ज किए गए। संचालन में नैनीताल वन प्रभाग के लगभग 40 वन कर्मियों एवं स्थानीय पक्षी गाइडों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
समापन समारोह
आज रविवार को हिमालयन बोटैनिकल गार्डन, नारायणनगर में समापन समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर प्रतिभागियों के साथ फीडबैक एवं संवाद सत्र हुआ। वन क्षेत्राधिकारी प्राणी उद्यान, नैनीताल आनंद लाल ने विभिन्न राज्यों से आए समस्त बर्ड वॉचर्स एवं ओरियनटल ट्रेल का आभार व्यक्त करते हुए प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र वितरित किए तथा अमित शंकल्या एवं कृति शंकल्या को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान कार्यक्रम में अरविंद कुमार (वन आरक्षी, हिमालयन बोटैनिकल गार्डन), नितिन मुकेश (वन आरक्षी, नैनीताल प्राणी उद्यान), आनंद सिंह (सिस्टम एनालिस्ट) सहित बोटैनिकल गार्डन, नारायणनगर के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।







