नैनीताल। नाबालिग पीड़िता की सुरक्षा सुनिश्चित किए जाने की मांग को लेकर शुक्रवार को भाजपा कार्यकर्ता कोतवाली भवाली पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पुलिस प्रशासन से पीड़िता व उसके परिवार को पूर्ण सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की।निवर्तमान प्रदेश महामंत्री भावना मेहरा ने कहा कि पीड़िता नाबालिग है और साधारण परिवार से ताल्लुक रखती है। माता-पिता की कमजोर सामाजिक स्थिति का लाभ उठाकर असामाजिक तत्व दबाव बना सकते हैं, जिसे देखते हुए पीड़िता व उसके परिवार की सुरक्षा अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता भी दिलाई जाएगी और भाजपा परिवार उनके साथ खड़ा है।हिंदूवादी नेता कमल मुनि ने क्षेत्र में तत्काल सघन सत्यापन अभियान चलाने की मांग करते हुए कहा कि बाहरी व संदिग्ध तत्वों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि इस तरह की घटनाओं पर प्रभावी रोक लग सके।अधिवक्ता एवं भाजपा नेता शिवांशु जोशी ने मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराए जाने की मांग करते हुए कहा कि दोषियों को शीघ्र सजा मिलनी चाहिए। साथ ही उन्होंने प्रकरण में एससी-एसटी एक्ट की धाराएं बढ़ाने तथा पीड़ित परिवार को जल्द आर्थिक सहायता दिलाने की बात कही।वहीं भाजपा नेता आशुतोष चंदोला ने दोषियों के विरुद्ध सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।इस संबंध में पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार को पीड़िता के न्यायालय में बयान दर्ज कराए गए हैं।
पीड़िता व उसके परिवार को आवश्यक सुरक्षा उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही क्षेत्र में अलग-अलग टीमों के माध्यम से सघन सत्यापन अभियान भी शुरू कर दिया गया है।







