क्वीरि–जिमिया मोटर मार्ग एक साल से बंद, बंगापानी–दारमा मार्ग पर भी खतरा…
रिपोर्ट- (सुनील भारती) “स्टार खबर” नैनीताल…
मुनस्यारी (पिथौरागढ़)।
तहसील मुनस्यारी के अंतर्गत क्वीरि से जिमिया तक का मोटर मार्ग पिछले करीब एक वर्ष से बंद पड़ा हुआ है, जिससे क्वीरि और जिमिया क्षेत्र के ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लंबे समय से सड़क बंद होने के कारण लोगों को पैदल आवाजाही, आपातकालीन सेवाओं और दैनिक जरूरतों में गंभीर दिक्कतें हो रही हैं।
वहीं बंगापानी से दारमा तक का मोटर मार्ग भी तीन स्थानों पर अत्यधिक खराब स्थिति में है। सड़क पर जगह–जगह मलवा पूरी तरह नहीं हटाया गया है और सड़क के कई हिस्सों में बैंड पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। कई स्थानों पर वाहन आगे–पीछे करके मोड़ रहे हैं, जिससे कभी भी कोई बड़ी दुर्घटना होने की आशंका बनी हुई है।
इन दोनों गंभीर समस्याओं को लेकर जिला पंचायत सदस्य विक्रम दानू ने आज लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) कार्यालय डीडीहाट पहुंचकर अधिशासी अभियंता को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने तत्काल एक साल से बंद पड़ी क्वीरि–जिमिया मोटर मार्ग को खोलने तथा बंगापानी–दारमा मोटर मार्ग की मरम्मत कर भारी मलवा हटाने की मांग की।
इस पर लोनिवि के अधिशासी अभियंता ने शीघ्र ही समस्या के समाधान का आश्वासन दिया है और बताया कि संबंधित स्थानों का निरीक्षण कर आवश्यक कार्य जल्द शुरू कराया जाएगा।







