रामनगर। घर और रिजॉर्ट में चोरी का एसएसपी ने किया खुलासा… 30 लाख से अधिक के सोने के जेवरात व 12 लाख नकद बरामद… रिपोर्ट- (सुनील भारती) “स्टार खबर ” नैनीताल..

48
Oplus_16908288

5नैनीताल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी के सख्त रुख और सटीक रणनीति के चलते रामनगर क्षेत्र में घर व रिजॉर्ट में हुई दो बड़ी चोरी की घटनाओं का पुलिस ने सफल खुलासा किया है। पुलिस ने 30 लाख रुपये से अधिक के बेशकीमती सोने के जेवरात और 12 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं।

मामला–1 : घर में चोरी
थाना रामनगर क्षेत्र के लखनपुर निवासी श्रीमती सुमन पत्नी नरेंद्र ने 15 दिसंबर 2025 को तहरीर देकर बताया कि 8 दिसंबर को दिल्ली जाने के बाद 11 दिसंबर को लौटने पर उनके घर से दो कड़े, दो चूड़ियां और दो सोने के बिस्किट चोरी हो गए। इस संबंध में थाना रामनगर में एफआईआर संख्या 414/25 धारा 305(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।

एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देश पर एसपी हल्द्वानी मनोज कत्याल, सीओ रामनगर सुमित पांडेय के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज व सुरागरसी के आधार पर 16 दिसंबर को चोरपानी क्षेत्र से नवदीप शर्मा पुत्र अनुज शर्मा निवासी पीरूमदारा, रामनगर को गिरफ्तार किया। एक विधि-विवादित किशोर को भी संरक्षण में लिया गया। आरोपियों के कब्जे से दो सोने के कड़े, दो चूड़ियां और दो सोने के बिस्किट बरामद किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये है।

मामला–2 : टियारा रिजॉर्ट में विवाह समारोह के दौरान चोरी
दूसरे मामले में 3 नवंबर 2025 को टियारा रिजॉर्ट रामनगर में आयोजित विवाह समारोह के दौरान बिन बुलाए मेहमान बनकर आए चोरों ने एक बैग से नकदी, सोने के जेवरात और मोबाइल फोन चोरी कर लिया। इस संबंध में 13 नवंबर को एफआईआर संख्या 400/25 धारा 303(2) बीएनएस दर्ज की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने मध्यप्रदेश के सांसी गैंग से जुड़े दो संदिग्धों की पहचान की। दबिश के दौरान आरोपी फरार हो गए, लेकिन मौके से चोरी का बैग बरामद कर लिया गया। बैग से 12 लाख रुपये नकद, एक सोने की अंगूठी और एक जोड़ी सोने की बालियां बरामद हुईं। आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस का कहना है कि सांसी गैंग बड़े होटलों और रिजॉर्ट में विवाह समारोहों के दौरान मेहमान बनकर घुसता है और मौका पाकर कीमती सामान चोरी कर फरार हो जाता है।

पुलिस ने दोनों मामलों के खुलासे को बड़ी सफलता बताते हुए आमजन से सतर्क रहने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।