देवीधूरा गांव में तेंदुए की दस्तक से दहशत, पिंजरा लगाने की मांग.. रिपोर्ट- (सुनील भारती) “स्टार खबर” नैनीताल..

41

देवीधूरा गांव में तेंदुए की दस्तक से दहशत, पिंजरा लगाने की मांग..

रिपोर्ट- (सुनील भारती) “स्टार खबर” नैनीताल..

नैनीताल। नैनीताल के आसपास के क्षेत्रों में इन दिनों तेंदुए की लगातार मौजूदगी से लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। बीते एक सप्ताह से समीपवर्ती देवीधूरा गांव में देर शाम और तड़के तेंदुए के गुर्राने की आवाजें सुनाई दे रही हैं, जिससे ग्रामीणों की रातों की नींद उड़ गई है। हालात को देखते हुए ग्रामीणों ने किसी अप्रिय घटना से पहले क्षेत्र में पिंजरा लगाने की मांग की है।

ग्रामीणों के अनुसार, तेंदुआ लगातार गांव के बीच आबादी वाले इलाकों में सक्रिय है। हाल ही में एक कुत्ते को निवाला बनाने के बाद तेंदुआ घरों के आंगन तक पहुंच गया और गुर्राता रहा। मंगलवार की रात और बुधवार सुबह करीब पांच बजे ग्राम प्रधान समेत कई ग्रामीणों ने तेंदुए की आवाज सुनी, जिसके चलते लोगों ने सुबह देर तक घरों के दरवाजे नहीं खोले।डर के माहौल के बीच ग्रामीण रात के समय पटाखे जलाकर तेंदुए को आबादी क्षेत्र से दूर भगाने का प्रयास कर रहे हैं। वहीं वन विभाग की टीम द्वारा भी क्षेत्र में रात्रि गश्त की जा चुकी है। ग्राम प्रधान प्रेमलता बर्गली ने वन विभाग के डीएफओ को पत्र भेजकर तेंदुए को पकड़ने के लिए गांव में पिंजरा लगाए जाने की मांग की है।इस संबंध में एसडीओ ममता चंद ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद विभागीय टीम लगातार क्षेत्र में गश्त कर रही है और शीघ्र ही पिंजरा लगाया जाएगा। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की है कि देर रात घर से बाहर न निकलें, घरों के आसपास पर्याप्त रोशनी रखें और छोटे बच्चों पर विशेष ध्यान दें।