चटक धूप के बीच वन विभाग सतर्क, वनाग्नि रोकथाम को लेकर कसी कमर… टीमों के माध्यम से जंगलों की निगरानी, ग्रामीणों को किया जा रहा जागरूक… रिपोर्ट- (सुनील भारती) “स्टार खबर” नैनीताल…

22

नैनीताल। आगामी गर्मी के मौसम को देखते हुए वन विभाग ने जंगलों को आग से बचाने के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। बारिश के बाद एक बार फिर चटक धूप खिलने से नैनीताल और आसपास के वन क्षेत्रों में आग का खतरा बढ़ गया है। इसी को ध्यान में रखते हुए वन विभाग द्वारा जंगलों पर कड़ी निगरानी रखने के साथ-साथ आमजन को जागरूक करने का अभियान चलाया जा रहा है।वन विभाग की ओर से जंगलों में नियमित गश्त की जा रही है और ग्रामीणों के साथ बैठकों के माध्यम से वनाग्नि से होने वाले नुकसान की जानकारी दी जा रही है। विभाग का उद्देश्य आग की घटनाओं को समय रहते रोकना है, ताकि अमूल्य वन संपदा और वन्यजीवों को सुरक्षित रखा जा सके।वन क्षेत्राधिकारी मुकुल शर्मा ने बताया कि जंगलों में आग लगना वन विभाग के लिए हर वर्ष एक बड़ी चुनौती बनकर सामने आता है। वनाग्नि से न केवल बहुमूल्य प्राकृतिक संसाधनों का नुकसान होता है, बल्कि वन्य जीवों का जीवन भी खतरे में पड़ जाता है। इसी को देखते हुए विभाग द्वारा 15 दिसंबर से 15 फरवरी तक जंगलों में फायर लाइन काटने का कार्य किया जा रहा है।उन्होंने बताया कि जंगलों की निगरानी के लिए ग्राम प्रहरियों, विभागीय टीमों और युवक मंगल दलों को तैनात किया गया है, ताकि किसी भी आग की घटना पर तुरंत काबू पाया जा सके। इसके साथ ही ग्रामीणों को जंगलों में आग न लगाने और आग लगने की सूचना तत्काल विभाग को देने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे जंगलों की सुरक्षा में सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आग की जानकारी तुरंत वन विभाग को दें, ताकि समय रहते बड़ा नुकसान रोका जा सके।