- नैनीताल।
वाल्मीकि सभा नैनीताल का कार्यकाल 7 फरवरी 2026 को पूर्ण हो गया है। इस अवसर पर वाल्मीकि सभा नैनीताल के महासचिव एवं सामाजिक कार्यकर्ता दिनेश कटियार (सरदार नगर) ने अपने पद से त्यागपत्र देने की घोषणा की। उन्होंने वाल्मीकि समाज से अनुरोध किया कि आगामी चुनाव प्रक्रिया वाल्मीकि नगर पंचायत नैनीताल की देखरेख में ही प्रारंभ की जाए, ताकि चुनाव निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
दिनेश कटियार ने कहा कि अब तक समाज द्वारा गठित चुनाव समितियों में उम्मीदवारों एवं मतदाताओं को कई प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ा है। ऐसे में उनका आग्रह है कि समस्त चौधरी, प्रधान एवं सरदारों की मौजूदगी में, उनकी देखरेख में वर्ष 2026 का चुनाव संपन्न कराया जाए, जिससे समाज के नवयुवक, नवयुवतियां एवं वरिष्ठ नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने समाज के सभी सामाजिक कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि सभी अपने स्तर पर सहयोग कर चुनाव प्रक्रिया को सफल बनाएं, ताकि चुनाव शांति, सौहार्द और निष्पक्षता के साथ संपन्न हो सके।
त्यागपत्र की घोषणा के दौरान दिनेश कटियार ने अपने सरपंच, उपाध्यक्ष एवं उप सचिव का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग और आशीर्वाद से उन्हें समाज की सेवा करने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि यदि उनके कार्यकाल में किसी प्रकार की कोई कमी रह गई हो, तो संपूर्ण वाल्मीकि समाज से क्षमायाचना करते हैं।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि भले ही उन्होंने पद से त्यागपत्र दे दिया हो, लेकिन भविष्य में भी वे चारों पदाधिकारी समाज की सेवा में कंधे से कंधा मिलाकर अपना योगदान देते रहेंगे।
दिनेश कटियार ने बताया कि शीघ्र ही एक सामाजिक बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें चुनाव कमेटी का गठन कर चुनाव प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया जाएगा। उन्होंने समाज के मतदाताओं से अपील की कि वे मतदान एवं चुनाव प्रक्रिया में पूर्ण सहयोग दें और नए पदाधिकारियों को अपना सानिध्य व आशीर्वाद प्रदान करें।







