नैनीताल। जनपद नैनीताल निरंतर विकास के पथ पर अग्रसर है। प्रदेश सरकार द्वारा विभिन्न विकास योजनाओं को धरातल पर उतारते हुए जनपद में आधारभूत सुविधाओं को सशक्त किया जा रहा है। इसी क्रम में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने विकास भवन भीमताल पहुंचकर लोक निर्माण विभाग की ₹945.99 लाख की चार योजनाओं का शिलान्यास तथा ₹312.13 लाख की एक योजना का लोकार्पण किया। इस प्रकार कुल ₹1258.12 लाख की पांच योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि पंचायतों को सशक्त बनाने के लिए 73वें संविधान संशोधन के तहत 11वीं अनुसूची में वर्णित 29 विषयों के हस्तांतरण की कार्यवाही की जा रही है। प्रदेश के सभी जनपदों में नए पंचायत भवनों का निर्माण एवं पुराने भवनों का जीर्णोद्धार कराया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सड़क कनेक्टिविटी को लेकर गंभीर है। अब तक 14,027 नए गांवों को सड़क मार्ग से जोड़कर मुख्य धारा में शामिल किया गया है। वहीं दीनदयाल उपाध्याय गृह आवास (होम-स्टे) योजना के अंतर्गत राज्य में 5,000 से अधिक होम-स्टे पंजीकृत हो चुके हैं तथा 1,118 लोग इस योजना का लाभ उठा चुके हैं।
15 जून तक हर हाल में खुले कैंचीधाम बायपास
विकास भवन सभागार में आयोजित जनसंवाद एवं विभागीय समीक्षा बैठक के दौरान लोक निर्माण विभाग को निर्देश देते हुए कैबिनेट मंत्री ने कहा कि कैंचीधाम आने वाले श्रद्धालुओं व पर्यटकों की सुविधा को देखते हुए बायपास निर्माण कार्य 15 जून तक हर हाल में पूरा किया जाए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि 75 मीटर स्पान के पुल के निर्माण में विलंब की संभावना हो तो अस्थायी वैलीब्रिज की व्यवस्था कर निर्धारित तिथि तक यातायात शुरू किया जाए।
उन्होंने जनपद की सड़कों पर बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए सड़कों के चौड़ीकरण के प्रस्ताव प्राथमिकता से शासन को भेजने तथा भारी वाहनों के अनुरूप निर्माण कराने के निर्देश दिए। साथ ही हॉटमिक्स कार्य में गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा।
सिंचाई, पंचायतीराज व पर्यटन विभाग को भी निर्देश
सिंचाई विभाग की समीक्षा में उन्होंने क्षतिग्रस्त गूलों व नहरों की मरम्मत प्राथमिकता से कराने, भीमताल–नौकुचियाताल नहर से अतिक्रमण हटाने, ढुंगसील पहाड़ी में भू-कटाव रोकने हेतु प्रस्ताव तैयार करने तथा झीलों व नदियों की सिल्ट हटाने के निर्देश दिए।
पंचायतीराज विभाग को गांव से लेकर मुख्यालय तक कूड़ा निस्तारण की प्रभावी व्यवस्था, कॉम्पैक्टरों के उपयोग तथा सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
पर्यटन विभाग की समीक्षा में उन्होंने कहा कि होम-स्टे में स्वच्छ शौचालय व साफ-सफाई अनिवार्य हो तथा योजना के अंतर्गत कमरों की संख्या बढ़ाने की दिशा में कार्य किया जाए।
जनप्रतिनिधियों ने रखी क्षेत्रीय समस्याएं
बैठक में विधायक सरिता आर्य, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दर्मवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याएं रखते हुए महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे, जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।







