डेमोग्राफी बदलाव को लेकर भाजपा ने डीएम को सौंपा ज्ञापन.. मस्जिद की भूमि की वैधता जांच व नजूल भूमि की खरीद-फरोख्त पर रोक की मांग… रिपोर्ट- (ब्यूरो ) “स्टार खबर ” नैनीताल..

33

नैनीताल।
नगर क्षेत्र में तेजी से हो रहे डेमोग्राफी व जनसांख्यिकी बदलाव को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल को ज्ञापन सौंपा। कार्यकर्ताओं ने हाल ही में सामने आई नाबालिग बच्ची से दुराचार की घटना को गंभीर बताते हुए इसे सामाजिक संतुलन के लिए चिंताजनक करार दिया।भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना था कि नगर क्षेत्र में बाहरी तत्वों की बढ़ती सक्रियता के कारण आपराधिक प्रवृत्तियों को बढ़ावा मिल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ मामलों में नगरपालिका द्वारा सरकारी व नजूल भूमि पर हुए निर्माण कार्यों के बाद बिजली-पानी के कनेक्शन के लिए एनओसी जारी की जा रही है, जो नियमों के विपरीत है।ज्ञापन में सेनिटोरियम क्षेत्र में निर्मित मस्जिद की भूमि की वास्तविक स्वीकृति व स्वामित्व की जांच कराने की मांग की गई। साथ ही शेष उपलब्ध भूमि का उपयोग जनहित से जुड़े विकास कार्यों में किए जाने की बात कही गई। इसके अतिरिक्त स्टांप पर बेची जा रही नजूल व सरकारी भूमि की अवैध खरीद-फरोख्त पर तत्काल रोक लगाने की मांग भी उठाई गई।इस दौरान जिला मंत्री मनोज भट्ट, निवर्तमान महामंत्री भावना मेहरा, जिला उपाध्यक्ष दयाकिशन पोखरिया, मंडी परिषद सलाहकार मनोज जोशी, सभासद पुरन सिंह बिष्ट, पूर्व जिला मंत्री दिनेश सांगुड़ी, अधिवक्ता शिवांशु जोशी, कमल चिलवाल, कमल सुयाल सहित कई भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।