युगमंच के 30वें होली महोत्सव की रूपरेखा तय… 27 फरवरी से चीर बंधन के साथ होगा शुभारंभ… खड़ी होली, बैठकी होली, महिला होली व बच्चों की कार्यशाला रहेंगी आकर्षण का केंद्र.. रिपोर्ट- (सुनील भारती ) “स्टार खबर ” नैनीताल..

7
Oplus_16908288

नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल में विगत तीन दशकों से निरंतर आयोजित हो रहे होली महोत्सव की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा को आगे बढ़ाते हुए युगमंच की पहल पर 30वें होली महोत्सव की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में नयना देवी मंदिर परिसर में शारदा संघ, नयना देवी मंदिर समिति, राम सेवक सभा, महिला संगठन समेत विभिन्न सामाजिक व सांस्कृतिक संगठनों के प्रबुद्ध जनों की बैठक आयोजित की गई, जिसमें महोत्सव की विस्तृत रूपरेखा पर चर्चा की गई।बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि महोत्सव का शुभारंभ 27 फरवरी को अपराह्न 1 बजे चीर बंधन के साथ किया जाएगा। इसके उपरांत आमंत्रित टीम द्वारा नयना देवी परिसर में खड़ी होली से कार्यक्रम का विधिवत आगाज होगा।मंदिर परिसर में खड़ी होली के पश्चात अपराह्न 3 बजे राम सेवक सभा के रामलीला मंच में औपचारिक उद्घाटन समारोह आयोजित किया जाएगा। इस दौरान खड़ी होली गायन के साथ-साथ स्कूली बच्चों द्वारा होली गीतों की प्रस्तुति दी जाएगी।चार मार्च तक चलने वाले छह दिवसीय महोत्सव के दूसरे दिन बीएम शाह ओपन थिएटर में महिलाओं की बैठकी होली एवं पारंपरिक स्वांग प्रस्तुत किए जाएंगे। वहीं एक मार्च को ‘नैनीताल समाचार’ कार्यालय में होली बैठक एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा।प्रति वर्ष होल्यारों को सम्मानित करने की परंपरा के अंतर्गत इस वर्ष नरेश चम्याल एवं हेमंत पंत सहित दो महिला होल्यारों को भी सम्मानित किया जाएगा।युवा पीढ़ी को पारंपरिक होली गायन और इसकी विभिन्न विधाओं से जोड़ने तथा उन्हें प्रशिक्षित करने के उद्देश्य से युगमंच द्वारा 17 फरवरी से होली गायन प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की जाएगी। कार्यशाला में तैयार की गई प्रस्तुतियां 27 एवं 28 फरवरी को मंचित की जाएंगी।बैठक में विजय कृष्ण, मोहन चंद्र जोशी, ज़हूर आलम, विनोद पांडे, नवीन बेगाना, दिनेश उपाध्याय, मनोज कुमार, अनिल कुमार, जय जोशी, विजय लक्ष्मी थापा, आनंदी बगड़वाल, सुमन, कनिका रावत राणा, अदिति खुराना, दीपा बिष्ट सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे।