विकास भवन में झीलों के संरक्षण एवं सौंदर्यीकरण पर मंथन…. भीमताल झील, नौकुचियाताल व सातताल के लिए उच्च स्तरीय योजना बनाने पर जोर….. रिपोर्ट- (सुनील भारती ) “स्टार खबर” नैनीताल…

6

नैनीताल। जनपद की प्रमुख झीलों के संरक्षण एवं सौंदर्यीकरण को लेकर बुधवार को भीमताल विकास भवन में व्यापक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक मुख्य विकास अधिकारी अरविंद पांडेय के दिशानिर्देशों पर जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी गोस्वामी की अध्यक्षता में संपन्न हुई।
बैठक में वन विभाग, प्राधिकरण, जिला ग्राम्य अभिकरण, कृषि, उद्यान, पर्यटन, उरेडा, सिंचाई, खंड विकास कार्यालय, नगर पालिका एवं जिला पंचायत सहित झीलों से जुड़े दर्जनभर विभागों के अधिकारियों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
सामाजिक कार्यकर्ता पूरन बृजवासी ने झीलों के सौंदर्यीकरण के लिए कुमाऊँनी पारंपरिक शैली में उच्च स्तरीय समग्र योजना तैयार करने तथा झीलों की सुरक्षा के लिए ठोस प्रस्ताव शासन को भेजने की मांग उठाई। उन्होंने कमल ताल और नल-दमयंती ताल के संरक्षण एवं स्वैच्छिक जनसहभागिता को भी योजना में शामिल करने पर बल दिया।

बी.डी. पलड़िया ने भीमताल झील से गाद एवं मिट्टी की नियमित निकासी तथा झील में गिरने वाले नालों की समय-समय पर सफाई सुनिश्चित करने की आवश्यकता बताई। ग्राफिक एरा कॉलेज की प्रतिनिधि डॉ. फरहा खान ने झीलों को प्लास्टिक मुक्त रखने, नियमित कूड़ा निस्तारण, चारों ओर सुदृढ़ रेलिंग एवं पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था की मांग रखी।
क्षेत्र पंचायत सदस्य पंकज सूर्या ने सातताल क्षेत्र में नियमित कूड़ा उठान हेतु वाहन एवं कर्मचारियों की तैनाती की मांग की। वहीं रमेश पलड़िया ने जंगली जानवरों के आतंक से निजात दिलाने और ग्रामीण मार्गों पर सौर ऊर्जा आधारित लाइटें लगाने का सुझाव दिया।
जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी गोस्वामी ने उद्यान विभाग को डैम एवं झील किनारे स्थित पार्कों में आकर्षक पुष्प सज्जा और हरित सौंदर्यीकरण कार्य तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने वन, सिंचाई एवं नगर पालिका विभाग को झीलों में गिरी लकड़ी और पेड़ों को चिन्हित कर शीघ्र हटाने तथा झीलों में जमी गंदगी को साफ करने के लिए प्रभावी कार्रवाई करने को कहा।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि राज्य एवं केंद्र सरकार की चल रही योजनाओं को झील संरक्षण से जोड़ते हुए एक माह के भीतर सभी विभाग विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर विकास भवन कार्यालय को रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे।बैठक में अधिशासी अधिकारी नगर पालिका राहुल कुमार, जिला पर्यटन अधिकारी अतुल भंडारी, सिंचाई विभाग के एसडीओ मनमोहन सिंह, शुभम प्रधान, महेंद्र धौनी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
झीलों के संरक्षण को लेकर हुई इस समन्वित बैठक को क्षेत्र में पर्यावरणीय संतुलन और पर्यटन विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।