नैनीताल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ० मंजूनाथ टी०सी० के निर्देशन में नैनीताल पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से मा0 उच्च न्यायालय उत्तराखंड, नैनीताल परिसर में व्यापक सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक नगर डॉ० जगदीश चंद्र के नेतृत्व में क्षेत्राधिकारी नैनीताल रविकांत सेमवाल, मुख्य सुरक्षा अधिकारी राकेश बिष्ट, प्रभारी निरीक्षक मल्लीताल सहित बीडीएस (बम निरोधक दस्ता) एवं डॉग स्क्वाड की टीमों ने संयुक्त रूप से अभियान संचालित किया।
पुलिस टीमों द्वारा न्यायालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में एंटी-सबोटाज चेकिंग की गई। परिसर में प्रवेश करने वाले प्रत्येक व्यक्ति की गहन फ्रिस्किंग के साथ-साथ संदिग्ध वस्तुओं की जांच की गई। पार्किंग स्थल, न्यायालय भवन के प्रवेश द्वार, गलियारों तथा सार्वजनिक स्थलों पर विशेष निगरानी रखी गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा की दृष्टि से न्यायालय परिसर में आने-जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति पर पैनी नजर रखी जा रही है और किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
नैनीताल पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सुरक्षा जांच के दौरान सहयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।







