जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के तहत बहुउद्देशीय शिविर आयोजित, 260 लोगों ने उठाया लाभ… रिपोर्ट- (सुनील भारती) “स्टार खबर ” नैनीताल..

7

नैनीताल।मा० मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार प्रदेश में आम जनमानस को केन्द्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने तथा समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के दूसरे चरण के अंतर्गत शुक्रवार को सीआरएसटी इंटर कॉलेज, नैनीताल में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर की अध्यक्षता विधायक नैनीताल सरिता आर्या ने की, जबकि संचालन उपजिलाधिकारी नवाजिश खलिक द्वारा किया गया।
शिविर में कुल 18 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। कुल 260 लोगों ने शिविर का सीधा लाभ उठाया।

मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी मांगें उठीं

नगर पालिका नैनीताल अंतर्गत स्टानले कंपाउंड, रामलीला मैदान 7 नंबर एवं स्टाफ हाउस क्षेत्र के निवासियों ने स्ट्रीट लाइट, पेयजल एवं मार्ग सुधारीकरण की मांग रखी। इस पर उपजिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
पुराना घोड़ा स्टैंड क्षेत्र में महिला समूहों के लिए पूर्व में निर्मित दुकानों, जो सड़क चौड़ीकरण के दौरान हटाई गई थीं, के पुनर्निर्माण की मांग भी उठी। इस संबंध में अधिशासी अधिकारी नगर पालिका को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त पेयजल एवं विद्युत से संबंधित समस्याओं पर भी विभागों को शीघ्र समाधान के निर्देश दिए गए।
विभागीय स्टालों के माध्यम से योजनाओं की जानकारी
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टाल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी गई और लाभार्थियों को मौके पर ही सेवाएं प्रदान की गईं।
आयुर्वेदिक विभाग द्वारा 102 तथा होम्योपैथिक विभाग द्वारा 40 लोगों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण कर दवाएं वितरित की गईं।
श्रम विभाग ने 5 व्यक्तियों के पंजीकरण हेतु आवेदन भरे।
पशुपालन विभाग ने 28 पशुपालकों को लाभान्वित किया।
मत्स्य विभाग ने 56 किसानों से योजनाओं हेतु आवेदन प्राप्त किए।
विद्युत विभाग ने 4 बिल संबंधी समस्याओं का समाधान किया।
कृषि विभाग ने 20 तथा उद्यान विभाग ने 19 किसानों को बीज, रसायन एवं कृषि यंत्र उपादान वितरित किए।
उद्योग विभाग ने 32 लोगों को योजनाओं से लाभान्वित किया।
बाल विकास विभाग ने 8 लाभार्थियों को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट प्रदान की।
समाज कल्याण विभाग ने 10 लाभार्थियों को योजनाओं की जानकारी दी।
राजस्व विभाग ने विभिन्न प्रमाणपत्रों संबंधी जानकारी उपलब्ध कराई।
शिविर में अधिशासी अधिकारी नगर पालिका नैनीताल रोहिताश शर्मा, सदस्य मंडी परिषद मनोज जोशी, भाजपा नगर अध्यक्ष नितिन कार्की, दयाकिशन पोखरिया सहित जनप्रतिनिधि, स्थानीय नागरिक एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।