फागोत्सव की धूम.. सरोवरनगरी नैनीताल में फागोत्सव की धूम, राम सेवक सभा का भव्य होली जुलूस… रिपोर्ट-(सुनील भारती ) “स्टार खबर” नैनीताल.

36

नैनीताल। सरोवरनगरी नैनीताल में इन दिनों फागोत्सव का रंग पूरे शबाब पर है। इसी क्रम में आज दोपहर राम सेवक सभा द्वारा नगर में भव्य होली जुलूस निकाला गया। जुलूस के दौरान माल रोड रंगों और उत्साह से सराबोर नजर आई।

जुलूस में महिला होल्यारों के दल पारंपरिक होली गायन के साथ माल रोड पर मस्ती में झूमते-थिरकते आगे बढ़े। अबीर-गुलाल की उड़ती फुहारों से पूरा वातावरण रंगमय हो उठा। बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर पर्व को सामूहिक उल्लास का रूप दिया।

फागोत्सव के अंतर्गत आयोजित इस होली जुलूस में जिलेभर से आई महिलाओं ने कुमाऊँनी पारंपरिक होली गीतों की प्रस्तुतियां दीं। पारंपरिक वेशभूषा धारण कर नाटक और स्वांग के माध्यम से सांस्कृतिक रंग भी बिखेरे गए।

नगर में इन दिनों होली पर्व को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। स्थानीय लोगों के साथ पर्यटक भी फागोत्सव की छटा का आनंद ले रहे हैं। रंग, संगीत और पारंपरिक लोक संस्कृति के संगम ने सरोवरनगरी के वातावरण को पूर्णतः उत्सवमय बना दिया है।