अधिवक्ता का पेशा चुनौतीपूर्ण, जनहित सर्वोपरि: जिलाधिकारी रयाल… राजस्व न्यायालयों के 7,500 लंबित मामलों के निस्तारण का तीन माह का लक्ष्य… रिपोर्ट- (सुनील भारती) “स्टार खबर” नैनीताल..

8

नैनीताल, संवाददाता।
झीलों की नगरी नैनीताल में मंगलवार को जिला बार एसोसिएशन के सभागार में आयोजित गरिमामय अभिनंदन समारोह में प्रशासन और अधिवक्ताओं के बीच बेहतर समन्वय की तस्वीर देखने को मिली। कार्यक्रम में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल सहित अन्य न्यायिक अधिकारियों का सम्मान किया गया।

समारोह को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी रयाल ने कहा कि अधिवक्ता का पेशा अत्यंत चुनौतीपूर्ण होता है। उन्हें अन्याय के विरुद्ध निर्भीक होकर आवाज उठानी पड़ती है और न्याय के पक्ष में मजबूती से खड़ा रहना पड़ता है। उन्होंने कहा कि नैनीताल बार का इतिहास गौरवशाली रहा है और यहां के अधिवक्ता सदैव जनहित को सर्वोपरि मानते आए हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि नैनीताल जैसे महत्वपूर्ण जनपद में कार्य करना किसी भी अधिकारी के लिए उपलब्धि के समान है। प्रशासन और अधिवक्ताओं का साझा उद्देश्य केवल और केवल जनहित में प्रभावी कार्य करना है।

तीन माह में घटेंगे लंबित मामले

जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि अधिवक्ताओं द्वारा राजस्व न्यायालयों से संबंधित जो समस्याएं उनके समक्ष रखी गई थीं, उनके समाधान हेतु लिखित आदेश जारी कर दिए गए हैं। सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि आदेशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।उन्होंने बताया कि वर्तमान में जनपद के राजस्व न्यायालयों में 7,500 से अधिक प्रकरण लंबित हैं। प्रशासन ने इन्हें आगामी तीन माह में घटाकर लगभग 2,000 तक लाने का लक्ष्य निर्धारित किया है, जिससे न्याय प्रक्रिया में तेजी आएगी और आम जनता को राहत मिलेगी।

बार पदाधिकारियों ने जताया आभार

जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष भगवत प्रसाद एवं सचिव दीपक रूवाली ने जिलाधिकारी के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि राजस्व न्यायालयों से जुड़ी समस्याओं पर त्वरित और सकारात्मक निर्णय लिए गए हैं। इससे न केवल अधिवक्ताओं को सहूलियत मिलेगी, बल्कि आम नागरिकों को भी शीघ्र न्याय प्राप्त होगा। उन्होंने जारी लिखित आदेशों के लिए आभार व्यक्त किया।अपर जिलाधिकारी विवेक राय ने आश्वस्त किया कि अधिवक्ताओं की मांगों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। उपजिलाधिकारी नवाजिश खालिक भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

बड़ी संख्या में अधिवक्ता रहे मौजूद

कार्यक्रम में वरिष्ठ अधिवक्ता ओंकार गोस्वामी, राजेश चंदोला, प्रीति साह, मंजू कोटलिया, बी.के. सांगूड़ी, संजय कुमार संजू, राजीव साह, राजेंद्र कुमार पाठक, पंकज बिष्ट, प्रमोद बहुगुणा, अनिल बिष्ट, संजय त्रिपाठी, संजय सुयाल, नवीन पंत, राजेंद्र भैसोड़ा, पंकज कुमार, कमल चिलवाल, सुभाष जोशी, जयंत नैनवाल, दीपक पांडेय, पूरन बिष्ट, सोहन तिवारी, संजय बिष्ट, हरीश चंद्र आर्य, तरुण चंद्रा, निर्मल कुमार, प्रदीप प्रसाद, नरेंद्र बर्गली, रवि कुमार, यशपाल आर्य, गौरव भट्ट, मुकेश कुमार, चंद्रकांत बहुगुणा, मोहम्मद खुर्शीद, शिवांशु जोशी, तारा आर्या, कामिनी गंगवार, मुन्नी आर्या, सरिता बिष्ट, जया आर्या, भावना जंतवाल सहित अनेक अधिवक्ता मौजूद रहे।