भीमताल की दो प्रमुख मांगों पर शासन सक्रिय… रोडवेज बस स्टेशन निर्माण और स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण के निर्देश… रिपोर्ट- (सुनील भारती) “स्टार खबर” नैनीताल..

22
oplus_2

नैनीताल। (भीमताल) नगर की दो महत्वपूर्ण जनमांगों पर शासन स्तर से सकारात्मक पहल हुई है। उत्तराखंड राज्यपाल सचिवालय ने मामले का संज्ञान लेते हुए आवश्यक कार्यवाही के निर्देश जारी किए हैं, जिससे स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। राज्यपाल सचिवालय के उप सचिव लक्ष्मण राम आर्य ने प्रकरण को अग्रेषित करते हुए मुख्यमंत्री कार्यालय उत्तराखंड को आवश्यक कार्रवाई हेतु पत्र भेजा। बताया गया है कि यह पहल ललित मोहन रयाल (जिलाधिकारी, नैनीताल) के प्रयासों से संभव हुई, जिन्होंने सामाजिक कार्यकर्ता पूरन चंद्र बृजवासी द्वारा दिए गए ज्ञापन को शासन तक पहुंचाया।

पहली मांग परिवहन व्यवस्था से संबंधित है, जिसमें भीमताल में रोडवेज बस स्टेशन के निर्माण की आवश्यकता जताई गई है। वर्तमान में बस स्टेशन के अभाव में यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ता है। बस स्टेशन बनने से न केवल स्थानीय लोगों को सुविधा मिलेगी, बल्कि पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।दूसरी प्रमुख मांग स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी है। नगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकों, उपकरणों और अन्य आवश्यक संसाधनों की पूर्ति की मांग की गई है, ताकि स्थानीय निवासियों को बेहतर और समयबद्ध उपचार मिल सके।प्रकरण पर संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुभाग-2 से अपर प्रमुख सचिव द्वारा स्वास्थ्य विभाग के सचिव एवं परिवहन विभाग के सचिव को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही राज्यपाल उप सचिव ने भी दोनों विभागों को मामले में शीघ्र कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा है।स्थानीय नागरिकों ने शासन की इस पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि दोनों मांगों पर जल्द ही ठोस निर्णय लिया जाएगा, जिससे भीमताल के विकास को नई गति मिल सकेगी।