नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल में इस बार होली का उत्साह देखते ही बना। देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे पर्यटक यहां की खूबसूरत वादियों में रंगों के त्योहार का जमकर आनंद लेते नजर आए। स्थानीय लोगों के साथ पर्यटकों ने भी पूरे उल्लास और भाईचारे के साथ होली मनाई।प्रसिद्ध माल रोड पर सुबह से ही रंग-गुलाल की बौछारें दिखाई दीं। पर्यटक एक-दूसरे को रंग लगाकर, ढोल-नगाड़ों की थाप पर झूमते हुए होली का उत्सव मनाते दिखे। सरोवर नगरी का माहौल पूरी तरह से रंगमय हो गया।
होली मनाने पहुंचे पर्यटकों का कहना है कि नैनीताल में होली खेलने का अपना अलग ही आनंद है। यहां की सादगी, प्राकृतिक सौंदर्य और लोगों का अपनापन इस पर्व को और भी खास बना देता है। कई पर्यटकों ने कहा कि कुमाऊं क्षेत्र की पारंपरिक होली का अनुभव उनके लिए यादगार रहेगा।स्थानीय नागरिकों ने भी पर्यटकों का स्वागत करते हुए प्रेम और सद्भाव के साथ त्योहार मनाया। शांतिपूर्ण वातावरण और भाईचारे की भावना ने इस बार की होली को खास बना दिया।







