नैनीताल। हल्द्वानी शहर में सड़क चौड़ीकरण और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के उद्देश्य से प्रशासन ने गुरुवार को ऊंचापुल क्षेत्र में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस दौरान सड़क किनारे किए गए अवैध निर्माणों को तोड़कर हटाया गया।
प्रशासन और नगर निगम की संयुक्त टीम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और जेसीबी मशीनों की मदद से सड़क किनारे बने अस्थायी ढांचे, टीन शेड और अन्य अतिक्रमणों को हटाया। कार्रवाई के दौरान कुछ स्थानों पर लोगों ने विरोध भी जताया, लेकिन प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यह अभियान सड़क चौड़ीकरण और शहर में बढ़ते यातायात दबाव को कम करने के लिए आवश्यक है।
वीडियो- (प्रणय)
अधिकारियों ने बताया कि ऊंचापुल क्षेत्र में लंबे समय से अतिक्रमण के कारण सड़क संकरी हो गई थी, जिससे आए दिन जाम की स्थिति बन रही थी। सड़क चौड़ीकरण की योजना के तहत पहले ही अतिक्रमणकारियों को नोटिस दिया गया था, इसके बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाया गया, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई।
प्रशासन ने कहा कि शहर में जहां-जहां अतिक्रमण के कारण यातायात प्रभावित हो रहा है, वहां आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी। वहीं स्थानीय लोगों ने भी सड़क चौड़ीकरण के इस कदम का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि इससे यातायात व्यवस्था बेहतर होगी।







