नैनीताल। जिला बार एसोसिएशन नैनीताल में आयोजित सम्मान समारोह में उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति आलोक मेहरा ने वकालत के क्षेत्र में 50 वर्ष पूर्ण करने वाले वरिष्ठ अधिवक्ताओं को शॉल ओढ़ाकर तथा सम्मान-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अधिवक्ता और न्यायिक अधिकारी उपस्थित रहे।समारोह में पहुंचने पर जिला जज प्रशांत जोशी, बार एसोसिएशन के अध्यक्ष भगवत प्रसाद, सचिव दीपक रुवाली तथा कार्यकारिणी सदस्यों ने न्यायमूर्ति आलोक मेहरा को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।
इस अवसर पर न्यायमूर्ति आलोक मेहरा ने वरिष्ठ अधिवक्ताओं को बार की अनमोल धरोहर बताते हुए कहा कि उनका अनुभव, मार्गदर्शन और कार्यशैली ही किसी भी बार की वास्तविक शक्ति होती है। उन्होंने जिला बार को अपना घर बताते हुए वकालत के अपने शुरुआती दिनों की यादें साझा कीं और कहा कि उन्हें यहां अपने वरिष्ठों से बहुत कुछ सीखने का अवसर मिला।
उन्होंने कहा कि वरिष्ठ अधिवक्ताओं से उनका रिश्ता गुरु-शिष्य जैसा रहा है और उनके मार्गदर्शन से ही उनके अनुभव व दृष्टिकोण का निर्माण हुआ। न्यायमूर्ति मेहरा ने कहा कि वरिष्ठ अधिवक्ताओं के अनुभव से नई पीढ़ी के अधिवक्ताओं को निरंतर सीखने की प्रेरणा मिलती है, जो न्याय व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाती है।कार्यक्रम में बार एसोसिएशन के अध्यक्ष भगवत प्रसाद ने न्यायमूर्ति आलोक मेहरा का आभार व्यक्त किया, जबकि सचिव दीपक रुवाली ने न्यायमूर्ति मेहरा के व्यक्तित्व और जीवन को अधिवक्ताओं के लिए प्रेरणादायी बताया।इस अवसर पर उपाध्यक्ष शंकर सिंह चौहान, वरिष्ठ अधिवक्ता हरिशंकर कंसल, मनीष मोहन जोशी, राजेश चंदोला, प्रभात पांडेय, राजेन्द्र कुमार पाठक, ओंकार गोस्वामी, ज्योति प्रकाश बोरा, अरुण बिष्ट, मंजू कोटलिया, सबीना उस्मान, प्रीति साह, कैलाश जोशी, गिरीश खोलिया, बी.के. सांगुड़ी, संजय त्रिपाठी, भुवन जोशी, पुलक अग्रवाल, अजय बिष्ट, राकेश सुयाल, संजय सुयाल, अनिल बिष्ट, आनंद कनवाल, बलवंत सिंह थलाल, सुंदर मेहरा, निखिल बिष्ट, नीलेश भट्ट, शिवांशु जोशी, कमल चिलवाल, नीरज गोस्वामी, जयंत नैनवाल, अनिता जोशी, दीपक दत्त पांडेय, मनीष कांडपाल, गौरव कुमार, शशांक कुमार, प्रदीप प्रसाद, दिग्विजय सिंह मेहरा, गजेंद्र मेहरा, मुन्नी आर्या, किरन आर्या, जया आर्या, कामिनी गंगवार, संध्या सहित कई न्यायाधीश और अधिवक्ता मौजूद रहे।







