गैस एजेंसियों से सीधे वितरण पर रोक… अब घर-घर पहुंचाए जाएंगे सिलेंडर… रिपोर्ट- (सुनील भारती) “स्टार खबर ” नैनीताल…

120

नैनीताल। जिला मजिस्ट्रेट के निर्देशानुसार जनपद की सभी गैस एजेंसियों को घरेलू गैस सिलेंडरों का वितरण डोर-टू-डोर प्रणाली के माध्यम से करने के निर्देश जारी किए गए हैं। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।

जारी आदेश में कहा गया है कि ऑनलाइन बुकिंग, डीएसपी और ओटीपी जैसी प्रक्रियाओं के दौरान अत्यधिक फोन कॉल आने के कारण व्यवस्था में बाधा उत्पन्न हो रही है। इसके चलते उपभोक्ताओं को गैस एजेंसियों में अनावश्यक भीड़ लगानी पड़ रही है, जिससे कानून एवं शांति व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका बनी रहती है। साथ ही समय पर घरेलू गैस सिलेंडर उपभोक्ताओं तक पहुंचाने में भी दिक्कतें आ रही हैं।इन परिस्थितियों को देखते हुए जिला प्रशासन ने जनपद की सभी गैस एजेंसियों को निर्देशित किया है कि वे फिलहाल एजेंसी परिसर से सीधे गैस सिलेंडर का वितरण न करें। इसके बजाय उपभोक्ताओं को डोर-टू-डोर वितरण प्रणाली के माध्यम से ही गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएं, ताकि लोगों को घर पर ही सुरक्षित और सुगम तरीके से सिलेंडर मिल सके।साथ ही जिन उपभोक्ताओं की गैस बुकिंग फोन, एसएमएस या मोबाइल ऐप के माध्यम से नहीं हो पा रही है, वे केवल बुकिंग कराने के लिए गैस एजेंसी में आ सकते हैं। एजेंसियों को निर्देश दिए गए हैं कि बुकिंग के बाद नियमानुसार उपभोक्ताओं के घर तक गैस सिलेंडर की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह आदेश जिला मजिस्ट्रेट की स्वीकृति से जारी किया गया है और जनपद में तत्काल प्रभाव से लागू रहेगा।