3 दिन से अंधेरे में नैनीताल, पानी की सप्लाई ठप — आक्रोशित लोगों का विद्युत कार्यालय पर धरना… रिपोर्ट- (सुनील भारती), “स्टार खबर” नैनीताल

53

नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल में पिछले तीन दिनों से लगातार बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण जल संकट गहराता जा रहा है। बिजली गुल रहने से पेयजल पम्प ठप पड़े हैं, जिससे नगर के अधिकांश इलाकों में नलों ने जवाब दे दिया है और लोगों को पीने के पानी के लिए भटकना पड़ रहा है।
बिजली और पानी की इस दोहरी समस्या से नाराज़ नगरवासियों का आक्रोश अब खुलकर सामने आ गया है। शुक्रवार को स्थानीय लोगों और व्यापार मंडल के संयुक्त नेतृत्व में नैनीताल विद्युत विभाग कार्यालय के बाहर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया गया।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि 24 घंटे के भीतर बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की गई, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
धरना दे रहे लोगों का आरोप है कि बीते तीन दिनों से विद्युत विभाग क्षतिग्रस्त लाइनों को ठीक करने में नाकाम रहा है। इसके चलते जल संस्थान के पम्प संचालित नहीं हो पा रहे हैं, जिससे पूरे नगर में जलापूर्ति ठप हो गई है और आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
नगरवासियों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर बिजली और पानी की व्यवस्था सुचारू करने की मांग की है।