देहरादून में मास्टर्स एवं ओपन टेबल टेनिस टूर्नामेंट संपन्न… रिपोर्ट- (सुनील भारती ) “स्टार खबर ” नैनीताल…

36

देहरादून में मास्टर्स एवं ओपन टेबल टेनिस टूर्नामेंट संपन्न…

रिपोर्ट- (सुनील भारती ) “स्टार खबर ” नैनीताल…

देहरादून। देहरादून मास्टर्स टेबल टेनिस ग्रुप द्वारा 14 से 15 मार्च 2026 तक टीटी हॉल, परेड ग्राउंड में मास्टर्स एवं ओपन टेबल टेनिस टूर्नामेंट का सफल आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में 40+ सिंगल्स, ओपन सिंगल्स और डबल्स स्पर्धाएं आयोजित की गईं, जिनमें कुल 70 खिलाड़ियों ने भाग लिया। सभी मुकाबले लीग कम नॉकआउट आधार पर खेले गए।

समापन समारोह में उत्तराखंड सरकार के प्रमुख सचिव (खेल) अमित सिन्हा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए खेलों को बढ़ावा देने के लिए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। साथ ही बच्चों को टेबल टेनिस अपनाने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि टीटी हॉल का अधिक से अधिक उपयोग किया जाना चाहिए। उन्होंने खेल विभाग की ओर से टेबल टेनिस को पूर्ण सहयोग देने की बात भी कही।

मास्टर्स एकल में दीपक चौहान बने विजेता
मास्टर्स एकल के फाइनल मुकाबले में दीपक चौहान ने जसविंदर सिंह को सीधे सेटों में 11-6, 13-11 और 11-6 से पराजित कर खिताब अपने नाम किया। इस वर्ग में संजीव खुराना तृतीय तथा गिरीश छाबड़ा चौथे स्थान पर रहे।

ओपन एकल में गिरीश छाबड़ा का दबदबा
ओपन एकल स्पर्धा में गिरीश छाबड़ा ने सार्थक बिष्ट को 11-7, 11-2 और 11-6 से हराकर खिताब जीता। इस वर्ग में संजीव खुराना तीसरे और विख्यात बलोदी चौथे स्थान पर रहे।

डबल्स खिताब दीपक चौहान–संजीव खुराना की जोड़ी को
डबल्स फाइनल में दीपक चौहान और संजीव खुराना की जोड़ी ने जसविंदर सिंह और प्रदीप मेहता को कड़े मुकाबले में 11-6, 12-14, 10-12, 8-11 और 11-8 से हराकर खिताब जीता। इस वर्ग में सीमा उपाध्याय और विख्यात बलोदी को तृतीय तथा गिरीश छाबड़ा और प्रीति छाबड़ा को चतुर्थ स्थान प्राप्त हुआ।

विशेष सम्मान 
प्रतियोगिता में सबसे कम उम्र के खिलाड़ी जैविक को “मोस्ट प्रॉमिसिंग प्लेयर” पुरस्कार से सम्मानित किया गया। वहीं श्रीमती सीमा उपाध्याय को अबू धाबी में आयोजित अंतरराष्ट्रीय मास्टर्स डबल्स में स्वर्ण पदक जीतने पर विशेष उपलब्धि पुरस्कार प्रदान किया गया। टेबल टेनिस में दीर्घकालीन योगदान के लिए सेवानिवृत्त राष्ट्रीय टीटी कोच आनंद सिंह बिष्ट को लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया गया।

 विशेष योगदान
टूर्नामेंट के सफल आयोजन में प्रदीप मेहता, दीपक चौहान, साहिल बिष्ट, अंजलि अग्रवाल, प्रीति छाबड़ा, रजनीश, रोहित दोसाद, विख्यात बलोदी, कमल पंत, गिरीश छाबड़ा, मनुराज, अनुराग गुप्ता, जितेंद्र बिष्ट, जसविंदर सिंह और इंदु धार सहित कई सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।इस अवसर पर बैडमिंटन खिलाड़ी जितेंद्र भट्ट, नवनीत रावत, रमेश बिष्ट, आशीष चोपड़ा, अंजलि अग्रवाल, आनंद सिंह बिष्ट, सुमीत और देवेंद्र कंडपाल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।