ब्रेकिंग.. खूपी के पास गहरी खाई में गिरी कार, दो पर्यटकों की मौत, दो गंभीर घायल… रिपोर्ट- (सुनील भारती ) “स्टार खबर ” नैनीताल

102

नैनीताल, शनिवार।
जनपद नैनीताल में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ज्योलीकोट-भवाली मार्ग पर खूपी के पास उन्नाव से जागेश्वर धाम जा रही पर्यटकों की कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वाहन संख्या यूपी78एसजे 4936 में सवार चार युवक उन्नाव (उत्तर प्रदेश) से घूमने के उद्देश्य से जागेश्वर धाम जा रहे थे। सुबह लगभग साढ़े आठ बजे, जब उनकी कार गेठिया क्षेत्र के समीप खूपी के पास पहुंची, तभी अचानक संतुलन बिगड़ने से वाहन करीब 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरा।

हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही तल्लीताल थाना पुलिस, एसआई सतीश उपाध्याय के नेतृत्व में घटनास्थल पर पहुंची। इसके बाद दमकल विभाग और एसडीआरएफ की टीम ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाया।
कड़ी मशक्कत के बाद खाई में गिरे वाहन से चारों युवकों को बाहर निकाला गया। पुलिस के अनुसार, पीताम्बर नगर, उन्नाव निवासी अंकित चौधरी और अभिराज की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि अतुल दुबे और श्याम गंभीर रूप से घायल हैं।
घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हल्द्वानी रेफर किया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।