अलकेश्वर घाट पर डॉ. भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा से छेड़छाड़, शिल्पकार सभा में आक्रोश.. रिपोर्ट- (ब्यूरो) “स्टार खबर ” नैनीताल…

12

श्रीनगर (उत्तराखंड): अलकेश्वर घाट स्थित भारत रत्न एवं संविधान निर्माता परम पूज्य बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा पर अज्ञात तत्वों द्वारा कालिख पोतने की निंदनीय घटना सामने आई है। इस कृत्य से क्षेत्र सहित समस्त समाज में गहरा आक्रोश और दुख व्याप्त है।इस मामले को लेकर शिल्पकार सभा ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इसे अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और घृणित कृत्य बताया है। सभा के अध्यक्ष रमेश चन्द्रा ने कहा कि बाबा साहेब ने देश को एक सशक्त संविधान प्रदान किया और सामाजिक न्याय, समानता व मानवाधिकारों की स्थापना में ऐतिहासिक योगदान दिया। उनकी प्रतिमा का अपमान न केवल उनके विचारों का, बल्कि भारतीय संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों का भी अपमान है।सभा ने प्रशासन से मांग की है कि घटना में संलिप्त दोषियों की शीघ्र पहचान कर उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस और प्रभावी कदम उठाए जाएं।सभा के महामंत्री राजेश लाल ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि दोषियों को जल्द गिरफ्तार नहीं किया गया तो पूरे प्रदेश में आंदोलन किया जाएगा।बैठक में अध्यक्ष रमेश चन्द्रा, महामंत्री राजेश लाल, लेखापरीक्षक संजय कुमार, मीडिया प्रभारी सुरेश कुमार सहित रोहित कुमार, योगेश कुमार और योगी आदि सदस्यों ने अपने विचार व्यक्त किए और घटना की कड़ी निंदा की।