जिला बार चुनाव: पहले दिन 11 प्रत्याशियों ने किया नामांकन.. 27 मार्च को आम सभा, चुनाव तिथि बदलकर 1 अप्रैल… रिपोर्ट- (सुनील भारती) “स्टार खबर ” नैनीताल..

21

नैनीताल। जिला बार एसोसिएशन चुनाव को लेकर नामांकन प्रक्रिया बुधवार से शुरू हो गई। पहले दिन विभिन्न पदों के लिए कुल 11 प्रत्याशियों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। मुख्य निर्वाचन अधिकारी राजेश चंदोला ने जानकारी देते हुए बताया कि चुनाव के पहले दिन विभिन्न पदों पर उम्मीदवारों ने उत्साहपूर्वक नामांकन कराया।

अध्यक्ष पद के लिए हरिशंकर कंसल और अरुण बिष्ट ने दो-दो सेट में नामांकन पत्र दाखिल किए। उपाध्यक्ष पद पर कमल चिलवाल और प्रमोद तिवाड़ी ने नामांकन किया। सचिव पद के लिए संजय सुयाल और अनिल बिष्ट ने दो सेट में अपने नामांकन पत्र जमा किए। संयुक्त सचिव पद पर नीरज गोस्वामी ने नामांकन किया। वहीं कार्यकारिणी सदस्य पद के लिए प्रेमा आर्या, तारा आर्या, निर्मल कुमार और मोहम्मद बिलाल ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए।

निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 27 मार्च, शुक्रवार को नामांकन की अंतिम तिथि है। इसके बाद 28 मार्च को नामांकन पत्रों की जांच, नाम वापसी और उसी दिन मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। इस दौरान सहायक निर्वाचन अधिकारी प्रमोद बहुगुणा, शंकर चौहान, मुकेश कुमार और शिवांशु जोशी उपस्थित रहे।

●27 मार्च को आम सभा का आयोजन..

जिला बार चुनाव के तहत 27 मार्च, शुक्रवार को प्रताप भैया सभागार में प्रातः 11 बजे से आम सभा आयोजित की जाएगी। इस आम सभा में सभी प्रत्याशी अधिवक्ताओं के समक्ष अपने विचार, योजनाएं और प्राथमिकताएं रखेंगे। साथ ही अधिवक्ताओं को प्रत्याशियों से सीधे संवाद का अवसर भी मिलेगा। निर्वाचन अधिकारियों द्वारा आयोजन की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।

●चुनाव तिथि में परिवर्तन..

मुख्य निर्वाचन अधिकारी राजेश चंदोला ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा 30 मार्च को सार्वजनिक अवकाश घोषित किए जाने के कारण चुनाव तिथि में संशोधन किया गया है। अब जिला बार एसोसिएशन का चुनाव 1 अप्रैल को संपन्न कराया जाएगा।