ब्रेकिंग.. खुपी (नैनीताल) में भीषण सड़क हादसा: बस-बोलेरो की टक्कर, एक की मौत, आठ घायल.. रिपोर्ट- (सुनील भारती) “स्टार खबर ” नैनीताल..

222

नैनीताल।
जनपद नैनीताल के खुपी क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हल्द्वानी से गंगोलीहाट जा रही केमू बस और एक बोलेरो वाहन के बीच जोरदार टक्कर हो गई, जिसके बाद बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आठ लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों में एक महिला की हालत गंभीर बनी हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, केमू बस (संख्या UK 04 PA 1112) शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे खुपी के पास हादसे का शिकार हुई। बताया जा रहा है कि बस चालक ने भवाली की ओर जा रहे एक टैक्सी वाहन को ओवरटेक करने का प्रयास किया, इसी दौरान सामने से आ रहे बोलेरो से उसकी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस पलट गई और उसमें सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास के ग्रामीण तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू करते हुए बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। ग्रामीणों के अनुसार, एक व्यक्ति की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल है। अन्य सात यात्रियों को भी चोटें आई हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को 112 सेवा के माध्यम से नजदीकी अस्पताल, हल्द्वानी भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है।
पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। प्रारंभिक तौर पर ओवरटेक के दौरान संतुलन बिगड़ना हादसे की वजह माना जा रहा है।