बार चुनाव: वोट से पहले वादों की झड़ी, बार चुनाव में गरमाई सियासत… रिपोर्ट- (सुनील भारती ) “स्टार खबर” नैनीताल…

35

नैनीताल। जिला बार संघ चुनाव के तहत आगामी 1 अप्रैल को होने वाले मतदान से पहले शुक्रवार को आयोजित आम सभा में प्रत्याशियों ने अधिवक्ताओं के हितों को लेकर कई बड़े वादे किए। सभा में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सचिव सहित तीन प्रमुख पदों के लिए सीधा मुकाबला तय माना जा रहा है।
बार सभागार में आयोजित आम सभा को संबोधित करते हुए प्रत्याशियों ने अधिवक्ताओं के लिए नए चैम्बरों के निर्माण, जूनियर अधिवक्ताओं के लिए बैठने की समुचित व्यवस्था, सामूहिक बीमा तथा मेडिकल बीमा जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि अधिवक्ताओं के मान-सम्मान के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा और हर परिस्थिति में साथी अधिवक्ताओं के साथ कंधे से कंधा मिलाकर कार्य किया जाएगा।
प्रत्याशियों ने भविष्य में बार संघ के अध्यक्ष, सचिव और उपाध्यक्ष पदों पर महिला आरक्षण लागू करने की बात भी प्रमुखता से उठाई।
सभा को हरिशंकर कंसल, अरुण बिष्ट, नीरज साह, कमल चिलवाल, प्रमोद तिवारी, अनिल बिष्ट, संजय सुयाल और नीरज गोस्वामी सहित कई अधिवक्ताओं ने संबोधित किया।
इस दौरान मुख्य निर्वाचन अधिकारी राजेश चंदोला, बार संघ अध्यक्ष भगवत प्रसाद, सचिव दीपक रूवाली समेत बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे। सभा का संचालन दीपक रूवाली द्वारा किया गया।