नैनीताल। जिला बार एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी के चुनाव को लेकर सरोवर नगरी में सरगर्मियां तेज हो गई हैं। मंगलवार को टेंडर वोटिंग के दौरान कुल 16 अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
मुख्य चुनाव अधिकारी राजेश चंदोला ने जानकारी देते हुए बताया कि बुधवार को होने वाले मतदान के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मतदान सुबह 10:30 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक संपन्न होगा, जिसके तुरंत बाद मतगणना शुरू कर दी जाएगी और शाम तक परिणाम घोषित होने की संभावना है।
चुनाव में इस बार कुल 290 अधिवक्ता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। अध्यक्ष पद के लिए तीन उम्मीदवार मैदान में हैं, जबकि उपाध्यक्ष और सचिव पदों पर दो-दो प्रत्याशी चुनावी मुकाबले में हैं। वहीं संयुक्त सचिव सहित कार्यकारिणी के चार पदों पर निर्विरोध निर्वाचन पहले ही तय हो चुका है।
चुनाव प्रक्रिया के दौरान सहायक चुनाव अधिकारी प्रमोद बहुगुणा, शंकर चौहान, मुकेश चंद्र और शिवांशु जोशी समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।







