नैनीताल। हल्द्वानी प्रशासन ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए हाइडिल विभाग के काठगोदाम स्थित सेकेंडरी वर्क डिवीजन कार्यालय में छापेमारी की। सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई के दौरान कार्यालय सहायक दीपक बोरा कार्यालय में नशे की हालत में पाए गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दीपक बोरा के खिलाफ कार्यालय में शराब पीकर आने की शिकायत प्रशासन को मिली थी। शिकायत की पुष्टि के लिए सिटी मजिस्ट्रेट ने टीम के साथ अचानक निरीक्षण किया। छापे के दौरान कर्मचारी नशे की स्थिति में ड्यूटी करते मिले, जिस पर मौके पर ही उन्हें कड़ी फटकार लगाई गई।
सिटी मजिस्ट्रेट ने तत्काल प्रभाव से निलंबन के निर्देश देते हुए संबंधित कर्मचारी को मेडिकल परीक्षण के लिए बेस अस्पताल भेजा, ताकि नशे की पुष्टि की जा सके।
इस कार्रवाई के बाद विभाग में हड़कंप मच गया है। प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि कार्यस्थल पर किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।







