रातीघाट-मंगोली-बजून में शराब दुकान खोलने का विरोध.. सांसद अजय भट्ट ने सीएम धामी से की रोक लगाने की मांग.. रिपोर्ट- (ब्यूरो ) “स्टार खबर” नैनीताल..

15
Oplus_16908288

नैनीताल।
पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री एवं नैनीताल-उधम सिंह नगर संसदीय क्षेत्र से सांसद अजय भट्ट ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से दूरभाष पर वार्ता कर तथा पत्र लिखकर रातीघाट, मंगोली और बजून क्षेत्र में प्रस्तावित विदेशी मदिरा की दुकान को बंद किए जाने की मांग की है।
सांसद भट्ट ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि ग्राम एवं पोस्ट रातीघाट, मंगोली और बजून (जनपद नैनीताल) में विदेशी मदिरा की दुकान खोलने की प्रक्रिया शासन स्तर पर चल रही है। इस प्रस्ताव को लेकर क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय नागरिकों में गहरा आक्रोश है और लगातार विरोध दर्ज कराया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि रातीघाट, मंगोली और बजून एक प्रमुख ग्रामीण बाजार क्षेत्र है, जहाँ आसपास के कई गांवों के लोग रोजमर्रा की जरूरतों की पूर्ति के लिए आते हैं। क्षेत्र में प्राथमिक विद्यालयों के साथ-साथ शहीद संजय बिष्ट के नाम से राजकीय इंटर कॉलेज भी स्थित है। ऐसे में यहां शराब की दुकान खुलने से सामाजिक वातावरण पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
सांसद ने आशंका जताई कि इस निर्णय से विद्यालयों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं के साथ-साथ बाजार आने वाली महिलाओं को असुविधा और असुरक्षा का सामना करना पड़ सकता है।
इसके अलावा, विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम मंदिर इस क्षेत्र से लगभग 5 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे धार्मिक एवं संवेदनशील क्षेत्र के निकट मदिरा की दुकान खोले जाने को उन्होंने जनभावनाओं के विपरीत बताया।
अजय भट्ट ने जिलाधिकारी नैनीताल से भी दूरभाष पर वार्ता कर जनहित, सामाजिक मर्यादा एवं जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए प्रस्तावित शराब की दुकान को निरस्त करने हेतु आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग की है।