नैनीताल। भीमताल विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस के भीतर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। पूर्व ब्लॉक प्रमुख लाखन नेगी के कांग्रेस में शामिल होने के बाद पार्टी में हलचल बढ़ गई है। इस घटनाक्रम के बाद आंतरिक खींचतान अब खुलकर सामने आने लगी है।
पूर्व राज्य मंत्री हरीश पनेरु के बाद अब तीन बार के जिला पंचायत सदस्य और धारी के पूर्व उप प्रमुख गोपाल बिष्ट ने भी मोर्चा खोल दिया है। नैनीताल में पत्रकारों से बातचीत के दौरान गोपाल बिष्ट ने भीमताल विधानसभा सीट से कांग्रेस टिकट की दावेदारी पेश कर दी।
गोपाल बिष्ट ने कहा कि उनका परिवार लंबे समय से कांग्रेस से जुड़ा रहा है और पार्टी के लिए लगातार संघर्ष करता आया है। उन्होंने बताया कि उनके पिता ने स्वतंत्रता संग्राम में भाग लेने के साथ-साथ क्षेत्र में स्कूल, सड़क और अन्य मूलभूत सुविधाओं के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
उन्होंने आगे कहा कि वह स्वयं पिछले 30 वर्षों से कांग्रेस के प्रति समर्पित रहे हैं, ऐसे में पार्टी को उन्हें प्राथमिकता देनी चाहिए। बिष्ट ने स्पष्ट चेतावनी भी दी कि यदि उन्हें टिकट नहीं दिया गया तो वह अपने समर्थकों के साथ निर्दलीय चुनाव लड़ने पर भी विचार कर सकते हैं।
भीमताल सीट पर बढ़ती दावेदारियों ने कांग्रेस के लिए आगामी विधानसभा चुनाव से पहले चुनौती खड़ी कर दी है। अब देखना होगा कि पार्टी नेतृत्व इस अंदरूनी असंतोष को कैसे संभालता है।







