जंगलिया क्षेत्र में इंडेन गैस की किल्लत, ग्रामीणों में नाराजगी.. रिपोर्ट- (सुनील भारती) “स्टार खबर ” नैनीताल..

9

नैनीताल।भीमताल ग्राम पंचायत जंगलिया गांव के तोक माल गांव और बूढ़ा धूरा क्षेत्र में फरवरी माह से इंडेन गैस की भारी किल्लत बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले दो महीनों से यहां गैस आपूर्ति पूरी तरह ठप है और अब तक कोई वाहन क्षेत्र में नहीं पहुंचा है, जिससे लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
समस्या से परेशान ग्रामीणों ने इसकी जानकारी जनप्रतिनिधियों को दी, जिसके बाद ग्राम प्रधान संगठन अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह गंगोला और सामाजिक कार्यकर्ता प्रेम सिंह कुल्याल ने इस मामले को गंभीरता से उठाया। दोनों ने ब्लॉक कार्यालय भीमताल में जिला पूर्ति अधिकारी नैनीताल से मुलाकात कर क्षेत्र में गैस आपूर्ति बहाल करने की मांग की।
इस दौरान ब्लॉक प्रमुख भीमताल और संबंधित प्रबंधक को लिखित ज्ञापन भी सौंपा गया, जिसमें जल्द से जल्द गैस वाहन भेजने की मांग की गई। अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि दो दिनों के भीतर बूढ़ा धूरा क्षेत्र में गैस वाहन भेज दिया जाएगा।
ग्राम प्रधान राधा कुल्याल ने बताया कि यदि एक बार में लगभग 100 गैस सिलेंडर क्षेत्र में भेज दिए जाएं तो स्थिति काफी हद तक सामान्य हो सकती है। उन्होंने ग्रामीणों से धैर्य बनाए रखने और गैस वितरण के दौरान विभाग का सहयोग करने की अपील की है।
गौरतलब है कि गैस की कमी के चलते ग्रामीणों को वैकल्पिक ईंधन का सहारा लेना पड़ रहा है, जिससे उनकी दैनिक दिनचर्या प्रभावित हो रही है।