नैनीताल। जिला बार एसोसिएशन के चुनाव बुधवार को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो गए। कड़े चुनावी मुकाबले में अध्यक्ष पद पर अरुण सिंह बिष्ट और सचिव पद पर संजय सुयाल ने जीत दर्ज की, जबकि उपाध्यक्ष पद पर कमल चिलवाल विजयी रहे।
सुबह 10:30 बजे से शुरू हुई मतदान प्रक्रिया दोपहर तीन बजे तक चली। इसके बाद हुई मतगणना के उपरांत शाम करीब पांच बजे मुख्य चुनाव अधिकारी राजेश चंदोला ने परिणाम घोषित किए। चुनाव में कुल 300 से अधिक पंजीकृत अधिवक्ताओं में से 257 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
अध्यक्ष पद पर अरुण सिंह बिष्ट को 96 मत प्राप्त हुए। उनके निकटतम प्रतिद्वंदी नीरज साह को 88 तथा हरिशंकर कंसल को 71 मत मिले। सचिव पद पर संजय सुयाल को 130 मत प्राप्त हुए, जबकि अनिल सिंह बिष्ट को 124 मतों से संतोष करना पड़ा। उपाध्यक्ष पद पर कमल चिलवाल ने 152 मत हासिल कर जीत दर्ज की, वहीं प्रमोद तिवाड़ी को 98 मत मिले। 
कमल चिलवाल
परिणाम घोषित होने के बाद सभी निर्वाचित पदाधिकारियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। नवनिर्वाचित अध्यक्ष अरुण सिंह बिष्ट। अरुण सिंह बिष्ट बिष्ट 
और सचिव संजय सुयाल सहित सभी पदाधिकारियों ने अधिवक्ताओं के हित में पूरी निष्ठा से कार्य करने का संकल्प लिया।
चुनाव प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में मुख्य चुनाव अधिकारी राजेश चंदोला, सह-निर्वाचन अधिकारी प्रमोद बहुगुणा, शंकर चौहान, मुकेश चंद्र, शिवांशु जोशी और बार क्लर्क आनंद कुमार का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
●संयुक्त सचिव समेत चार पदों पर निर्विरोध निर्वाचन
जिला बार एसोसिएशन में संयुक्त सचिव पद पर नीरज गोस्वामी निर्विरोध चुने गए। 
नीरज गोस्वामी
इसके अलावा कार्यकारिणी सदस्य के चार पदों पर तारा आर्या, प्रेमा आर्या, निर्मल कुमार और मोहम्मद बिलाल का भी निर्विरोध निर्वाचन हुआ। कार्यकारिणी के पांचवें सदस्य का चयन जिला न्यायाधीश की संस्तुति से किया जाएगा।
●कई अधिवक्ता नहीं डाल सके वोट
चुनाव के दौरान कई अधिवक्ता मतदान से वंचित रह गए। अप्रैल 2025 के बाद पंजीकृत अधिवक्ताओं को मतदान की अनुमति नहीं दी गई। साथ ही जिन अधिवक्ताओं ने अपने देयक जमा नहीं किए थे, वे भी वोट नहीं डाल सके। चुनाव नियमों के अनुसार केवल वही अधिवक्ता मतदान के पात्र थे, जिनका पंजीकरण निर्धारित समय सीमा के भीतर हुआ और जिनकी सभी देनदारियां पूरी थीं।







