हल्द्वानी में सनसनीखेज वारदात.. कार सवार को ट्रैक्टर से कुचलने की कोशिश, आरोपी 12 घंटे में गिरफ्तार.. कालाढूंगी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध तमंचा भी बरामद.. . रिपोर्ट- (ब्यूरो ) “स्टार खबर” नैनीताल..

5

हल्द्वानी।कालाढूंगी,
जनपद नैनीताल के कालाढूंगी क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर ट्रैक्टर से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गुरुवार को आरोपी को मात्र 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त ट्रैक्टर के साथ-साथ आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा (315 बोर) भी बरामद किया है।
यह पूरी कार्रवाई एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में अंजाम दी गई।
पुलिस के अनुसार, 31 मार्च 2026 की रात करीब 9:30 बजे हिमांशु देऊपा (निवासी लच्छमपुर, चकलुवा) अपनी नई कार से पहाड़ी ढाबा, चकलुवा में भोजन करने पहुंचे थे। इसी दौरान प्रवीण सिंह देऊपा (निवासी प्रतापपुर) ने पुरानी रंजिश के चलते ट्रैक्टर से उनकी कार पर बार-बार टक्कर मार दी।
इस हमले में कार सवार हिमांशु और उनके साथी घायल हो गए। घटना के बाद आरोपी गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गया।
पीड़ित की तहरीर पर कोतवाली कालाढूंगी में
FIR No-29/2026, धारा 109/352/351(2)/324(2) BNS के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए। एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चंद्र और एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल के पर्यवेक्षण में पुलिस टीमों का गठन किया गया।
सीसीटीवी (CCTV) और सर्विलांस से मिली सफलता
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मैनुअल इंटेलिजेंस की मदद से आरोपी की लोकेशन ट्रेस की। इसके बाद 1 अप्रैल को नैनीताल मार्ग से आरोपी प्रवीण सिंह देऊपा को गिरफ्तार कर लिया गया।

●बरामदगी
घटना में प्रयुक्त ट्रैक्टर
अवैध तमंचा (315 बोर)

अवैध हथियार रखने के मामले में आरोपी के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत अलग से मुकदमा दर्ज किया गया है।
●पुरानी रंजिश बनी हमले की वजह
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि दोनों पक्षों के बीच खनन सामग्री के लेन-देन (सस्ता-महंगा) को लेकर पहले से विवाद चल रहा था, जिसके चलते आरोपी ने इस घटना को अंजाम दिया।
इस कार्रवाई में कालाढूंगी थाना पुलिस और एस.ओ. जी (SOG) टीम के अधिकारियों व जवानों ने अहम भूमिका निभाई, जिनमें वरिष्ठ उप निरीक्षक पंकज जोशी, एस.आई राजेश जोशी, एस.आई राजवीर नेगी, एस.आई पूजा रानी सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने स्पष्ट कहा कि जनपद में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई जाएगी।
उन्होंने चेतावनी दी कि आपसी रंजिश में कानून हाथ में लेने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी और आम जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।