खबर का असर.. सातताल झील का टूटा पुल बना खतरा, खबर के बाद प्रशासन हरकत में… पर्यटकों की सुरक्षा पर उठे सवाल, जनदबाव के बाद शुरू हुआ मरम्मत कार्य.. रिपोर्ट- (सुनील भारती) “स्टार खबर” नैनीताल

6
  1. नैनीताल।
    झीलों के शहर नैनीताल के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सातताल झील में टूटा हुआ पुल पर्यटकों के लिए खतरे का सबब बन गया था। दैवीय आपदा के कारण क्षतिग्रस्त इस पुल से होकर गुजरना जोखिम भरा हो गया था, जिससे ग्रीष्मकालीन सीजन में आने वाले हजारों पर्यटकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
    इस गंभीर समस्या को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता पूरन बृजवासी और पूर्व सभासद प्रदीप कुमार ‘बबलू’ ने जिला प्रशासन से पुल के शीघ्र पुनर्निर्माण की मांग की थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि प्रशासनिक लापरवाही के चलते लंबे समय से यह पुल टूटा पड़ा है, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।
    पूरन बृजवासी ने बताया कि पूर्व में सिंचाई विभाग से पुल की मरम्मत को लेकर मांग उठाई गई थी। विभागीय अधिकारियों ने आपदा मद से बजट स्वीकृति के लिए जिलाधिकारी को पत्र भेजने की बात कही थी, लेकिन लंबे समय तक इस दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
    मामले को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद जिला प्रशासन हरकत में आया है। प्रशासन द्वारा संबंधित विभाग को तत्काल निर्देश जारी किए गए हैं, जिसके बाद पुल के मरम्मत एवं पुनर्निर्माण का कार्य शुरू कर ठीक कर दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही पुल को सुरक्षित बनाकर पर्यटकों के लिए सुगम आवागमन सुनिश्चित किया जाएगा।
    स्थानीय लोगों और पर्यटकों ने प्रशासन की इस कार्रवाई पर संतोष जताते हुए उम्मीद जताई है कि भविष्य में ऐसी लापरवाही नहीं होगी और पर्यटन स्थलों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाएगी।