नैनीताल में संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने के लिए सघन अभियान, घर-घर पहुंच रही स्वास्थ्य टीमें…. रिपोर्ट- (सुनील भारती ) “स्टार खबर ” नैनीताल..

11

नैनीताल।
जनपद नैनीताल में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग द्वारा संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने हेतु सघन जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एच.सी. पंत के दिशा-निर्देशों के क्रम में विभागीय टीमें संभावित होम डिलीवरी वाले क्षेत्रों में घर-घर जाकर व्यापक जनसंपर्क कर रही हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पंत ने बताया कि जनपद के सभी ब्लॉकों में ब्लॉक कॉर्डिनेटर, आशा कार्यकत्रियों, आशा फैसिलिटेटरों एवं अन्य स्वास्थ्य कर्मियों के माध्यम से ऐसे क्षेत्रों को चिन्हित किया गया है, जहां आगामी माह में प्रसव संभावित है। इन क्षेत्रों में गर्भवती महिलाओं एवं उनके परिजनों से सीधे संपर्क कर उन्हें संस्थागत प्रसव के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इसके साथ ही वीएचएनडी (ग्राम स्वास्थ्य एवं पोषण दिवस) एवं अन्य स्वास्थ्य दिवसों पर भी आमजन और गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित प्रसव के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग की टीमें क्षेत्र में सक्रिय भ्रमण कर गर्भवती महिलाओं, उनके परिजनों एवं ग्रामीण जनप्रतिनिधियों से संवाद स्थापित कर रही हैं और उन्हें संस्थागत प्रसव के लिए प्रोत्साहित कर रही हैं। अभियान के तहत प्रसव के दौरान एवं प्रसवोपरांत चिकित्सा इकाइयों में उपलब्ध निःशुल्क सेवाओं, सुरक्षित प्रसव व्यवस्था तथा विभिन्न लाभकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी दी जा रही है, जिससे अधिक से अधिक महिलाएं स्वास्थ्य संस्थानों में प्रसव के लिए आगे आएं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनपद में शत-प्रतिशत संस्थागत प्रसव सुनिश्चित करना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस दिशा में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने आमजन से अपील की कि गर्भवती महिलाओं का समय पर पंजीकरण कराएं और प्रसव केवल नजदीकी स्वास्थ्य संस्थान में ही कराएं, ताकि माता एवं नवजात शिशु की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
इसी क्रम में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने रामगढ़ ब्लॉक के बस गांव में आयोजित वीएचएनडी कार्यक्रम का निरीक्षण किया और क्षेत्र में संस्थागत प्रसव को शत-प्रतिशत सुनिश्चित करने के लिए जनसंपर्क अभियान चलाया।
निरीक्षण के दौरान टीम में डी.एस. बिष्ट (जिला आईईसी अधिकारी), भावना बिष्ट (एएनएम), सुनीता आर्या (आशा), गायत्री आर्या, दया जोशी (आंगनवाड़ी कार्यकत्री), दीपा कांडपाल, पूनम, पूजा देवी, तुलसी कांडपाल एवं किरण सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।