नैनीताल में कल बंद रहेंगे कक्षा 1 से 12 तक के सभी स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र भी रहेंगे बंद.. रिपोर्ट- (ब्यूरो ) “स्टार खबर ” नैनीताल…

29
Oplus_16908288

नैनीताल। मौसम विभाग की ओर से 31 अगस्त को जिले में ऑरेंज अलर्ट जारी किए जाने के बाद जिला प्रशासन ने छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को देखते हुए जिले में एक दिन का अवकाश घोषित किया है। जिलाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष ललित मोहन रयाल ने सोमवार, 31 अगस्त को कक्षा एक से 12 तक संचालित सभी शासकीय, अर्द्धशासकीय और निजी विद्यालयों के साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद रखने के आदेश दिए हैं।
भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून की ओर से 30 अगस्त की सुबह जारी पूर्वानुमान के अनुसार नैनीताल जिले में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा, गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने तथा वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर की संभावना जताई गई है। वर्तमान में जिले के पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों में वर्षा हो रही है। ऐसे में नदी-नालों और गधेरों में तेज जलप्रवाह तथा संवेदनशील स्थानों पर भूस्खलन की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने यह निर्णय लिया है।
आदेश के अनुसार 31 अगस्त को विद्यालयों में कार्यरत प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक, शिक्षक एवं कार्यालय स्टाफ के लिए भी अवकाश अनुमन्य रहेगा। मुख्य शिक्षाधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को आदेश का सभी संबंधित शिक्षण संस्थानों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह आदेश नैनीताल शहर क्षेत्र में संचालित उन आवासीय शिक्षण संस्थानों और विद्यालयों पर लागू नहीं होगा, जहां छात्र-छात्राओं के लिए शैक्षणिक और आवासीय सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध हैं।
प्रशासन ने चेतावनी दी है कि आदेश का उल्लंघन होने पर संबंधित के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।