कांग्रेस में शामिल हुआ भवाली का सक्रिय चेहरा, नैनीताल में सियासी हलचल तेज विधानसभा चुनाव से पहले बदले राजनीतिक समीकरण, टिकट की दौड़ में कई नाम पहले से चर्चा में रिपोर्ट- (सुनील भारती) ‘स्टार खबर’ नैनीताल

66

नैनीताल। विधानसभा चुनाव से पहले नैनीताल क्षेत्र की सियासत में गतिविधियां तेज होने लगी हैं। शुक्रवार को भवाली निवासी समाजसेवी एवं स्थानीय राजनीतिक कार्यकर्ता ने अपने समर्थकों, सभासद पत्नी और अन्य साथियों के साथ कांग्रेस का दामन थाम लिया। हल्द्वानी स्थित स्वराज आश्रम में आयोजित कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने उन्हें कांग्रेस की सदस्यता दिलाई।
इस राजनीतिक घटनाक्रम के बाद नैनीताल विधानसभा क्षेत्र में चुनावी चर्चाओं ने जोर पकड़ लिया है। राजनीतिक जानकार इसे आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देख रहे हैं। संबंधित नेता पिछले कुछ समय से क्षेत्र में लगातार सक्रिय रहे हैं और विभिन्न सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से अपनी मौजूदगी दर्ज कराते रहे हैं। बेतालघाट में आयोजित एक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी भी चर्चा का विषय बनी थी।
कांग्रेस के भीतर नैनीताल विधानसभा सीट पर टिकट को लेकर पहले से ही कई नाम चर्चा में हैं। पीसी गोरखा, मीमांसा आर्य और जिशान्त कुमार सिंकू समेत अन्य दावेदारों के नाम भी राजनीतिक गलियारों में लिए जा रहे हैं। ऐसे में नए राजनीतिक चेहरे के कांग्रेस में आने के बाद टिकट की दौड़ और दिलचस्प होने के आसार हैं।
हालांकि पार्टी नेतृत्व विधानसभा चुनाव में अंतिम प्रत्याशी का चयन किस आधार पर करेगा, यह अभी स्पष्ट नहीं है। संगठन स्तर पर संभावित दावेदारों की सक्रियता और क्षेत्र में उनकी पकड़ को भी परखा जाएगा। अब निगाहें कांग्रेस के अगले राजनीतिक कदम और नैनीताल सीट पर प्रत्याशी चयन पर टिकी हैं।