महंगाई की मार से रसोई बेहाल, भोजनमाताओं ने सीएम से राहत की मांग… जरूरी खाद्य वस्तुओं, रसोई गैस और दैनिक उपयोग की वस्तुओं के बढ़ते दाम पर जताई चिंता… रिपोर्ट- (ब्यूरो ) “स्टार खबर” नैनीताल…

3
oplus_2

नैनीताल। आवश्यक खाद्य वस्तुओं, रसोई गैस और दैनिक उपयोग की वस्तुओं की लगातार बढ़ती कीमतों को लेकर प्रगतिशील भोजनमाता संगठन, उत्तराखंड ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर आम जनता और भोजनमाताओं को महंगाई से राहत देने की मांग की है। संगठन ने कहा कि बढ़ती महंगाई का सबसे अधिक असर मजदूर, मेहनतकश और कम आय वाले परिवारों की रसोई पर पड़ रहा है।

संगठन की ओर से दिए गए ज्ञापन में कहा गया है कि पिछले कुछ समय से आटा, दाल, खाद्य तेल, चावल, सब्जियों, मसालों, दूध, गैस सिलेंडर के साथ ही यातायात के किराये समेत रोजमर्रा की जरूरतों की वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। इसके विपरीत मजदूरों, कर्मचारियों, छोटे किसानों, घरेलू कामगारों, भोजनमाताओं, आशा कार्यकर्ताओं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और आउटसोर्स कर्मचारियों की आय में उसी अनुपात में वृद्धि नहीं हुई है। इससे निम्न और मध्यम आय वाले परिवारों की आर्थिक स्थिति प्रभावित हो रही है।

ज्ञापन में कहा गया कि भोजनमाताएं विद्यालयों में बच्चों के लिए भोजन तैयार करने का महत्वपूर्ण कार्य करती हैं, लेकिन उन्हें मिलने वाला मानदेय बहुत कम है। महंगाई बढ़ने के कारण उनके लिए अपने परिवार के राशन, बच्चों की पढ़ाई, दवा और अन्य जरूरी खर्चों का प्रबंध करना मुश्किल हो गया है। संगठन ने कहा कि लगातार बढ़ती कीमतों का सीधा असर परिवारों के भोजन और बच्चों के पोषण पर पड़ रहा है।
संगठन ने मुख्यमंत्री से सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) को मजबूत करने, गरीब और मेहनतकश परिवारों को पर्याप्त मात्रा में गुणवत्तापूर्ण राशन उपलब्ध कराने तथा महंगाई के अनुपात में मजदूरों और कर्मचारियों के वेतन व मानदेय में वृद्धि करने की मांग की है।