नैनीताल। पहाड़ों में गर्भवती महिलाओं के लिए प्रसव के समय अस्पताल तक पहुंचना अक्सर चुनौतीपूर्ण होता है। लंबी दूरी, दुर्गम पहाड़ी रास्ते और यातायात व्यवस्था के कारण कई बार समय पर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में बर्थ वेटिंग होम दूरदराज की गर्भवती महिलाओं के लिए सुरक्षित मातृत्व की दिशा में अहम भूमिका निभा रहे हैं।
इसका उदाहरण अल्मोड़ा जिले के विशालकोट गांव की रहने वाली भावना हैं। गरमपानी से करीब 32 किलोमीटर दूर अपने गांव में रहने वाली भावना की प्रसव की संभावित तिथि नजदीक आने पर उन्हें गरमपानी स्थित बर्थ वेटिंग होम में ठहराया गया। इससे प्रसव के समय उन्हें लंबी दूरी तय करने की जरूरत नहीं पड़ी। बाद में गरमपानी स्वास्थ्य केंद्र में उनका सुरक्षित संस्थागत प्रसव कराया गया।
इसी तरह सिल्टोना निवासी हीरा देवी भी बर्थ वेटिंग होम की सुविधा का लाभ उठा चुकी हैं। उनका गांव गरमपानी से करीब 16 किलोमीटर दूर है। वहीं कोरल होल्स निवासी कल्पना और हेमा देवी भी करीब 14 किलोमीटर की दूरी तय कर बर्थ वेटिंग होम पहुंचीं। दोनों महिलाओं को प्रसव के दौरान समय पर स्वास्थ्य सुविधा मिली और गरमपानी अस्पताल में सुरक्षित प्रसव कराया गया।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार बर्थ वेटिंग होम का उद्देश्य प्रसव की संभावित तिथि से पहले गर्भवती महिलाओं को स्वास्थ्य केंद्र के नजदीक सुरक्षित स्थान उपलब्ध कराना है। खासकर दूरस्थ क्षेत्रों और हाई रिस्क प्रेग्नेंसी वाली महिलाओं के लिए यह व्यवस्था आकस्मिक स्थिति में काफी उपयोगी साबित हो सकती है।
कैंचीधाम क्षेत्र में बढ़ते यातायात और जाम की संभावना को देखते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत ने स्वास्थ्य अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने हाई रिस्क प्रेग्नेंसी वाली महिलाओं की समय से पहचान कर जरूरत के अनुसार उन्हें बर्थ वेटिंग होम में ठहराने को कहा है। आशा और एएनएम के माध्यम से गर्भवती महिलाओं व उनके स्वजन को इस सुविधा की जानकारी देने के साथ ही उन्हें समय रहते स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं।
डॉ. रश्मि पंत ने कहा कि प्रत्येक गर्भवती महिला का सुरक्षित प्रसव विभाग की प्राथमिकता है। बर्थ वेटिंग होम के माध्यम से प्रयास है कि दूरस्थ क्षेत्रों की महिलाओं को दूरी, यातायात और जाम जैसी परिस्थितियों के कारण उपचार में देरी न हो और उन्हें समय पर सुरक्षित स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।







