पेंशनरों के पहचान पत्र जारी करने की प्रक्रिया जल्द शुरू करने की मांग.. शहर में ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने और नशेड़ियों पर कार्रवाई को लेकर सीओ सिटी से मिले पेंशनर… रिपोर्ट- (सुनील भारती) ‘स्टार खबर’ नैनीताल..

27

  

नैनीताल। शहर की यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने, वन-वे नियमों का सख्ती से पालन कराने और सार्वजनिक स्थलों पर नशा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर राजकीय पेंशनर कल्याण एसोसिएशन, नैनीताल के शिष्टमंडल ने बुधवार को अधिकारियों से मुलाकात की। इस दौरान पेंशनरों के पहचान पत्र जारी करने की प्रक्रिया का मुद्दा भी उठाया गया।

एसोसिएशन के शिष्टमंडल ने सबसे पहले कोषाधिकारी, नैनीताल से मुलाकात कर उत्तराखंड शासन की ओर से 30 सितंबर 2026 को निदेशक, कोषागार, पेंशन को पेंशनरों के पहचान पत्र जारी करने के संबंध में दिए गए निर्देशों पर हुई कार्रवाई की जानकारी मांगी। कोषाधिकारी ने बताया कि पेंशन निदेशालय से अभी तक मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) जारी नहीं हुई है। इसके चलते पहचान पत्र जारी करने की प्रक्रिया शुरू नहीं हो सकी है।इसके बाद शिष्टमंडल वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मुलाकात करने पहुंचा। एसएसपी के कार्यालय में मौजूद नहीं होने पर प्रतिनिधिमंडल ने सीओ सिटी से वार्ता की। इस दौरान शहर में अनियंत्रित यातायात की समस्या पर चिंता जताते हुए व्यवस्था में सुधार की मांग की गई।शिष्टमंडल ने मल्लीताल घोड़ा स्टैंड से नैनीताल क्लब चौराहे तक निर्धारित वन-वे यातायात व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू करने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्ती बरतने की मांग उठाई। इसके साथ ही शहर के विभिन्न चिह्नित स्थानों पर नशा करने वाले लोगों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने का मुद्दा भी रखा गया।सीओ सिटी ने शिष्टमंडल को संबंधित समस्याओं पर शीघ्र कार्रवाई करने का भरोसा दिया। एसोसिएशन ने उम्मीद जताई कि पेंशनरों के पहचान पत्र जारी करने की प्रक्रिया में तेजी लाने के साथ ही शहर की यातायात और सार्वजनिक सुरक्षा से जुड़ी समस्याओं का भी समाधान किया जाएगा।इस दौरान शिष्टमंडल में एसोसिएशन की अध्यक्ष मंजू बिष्ट, त्रिलोक सिंह रौतेला, ललित मोहन पांडेय, केएस कार्की, रत्न सिंह जंतवाल, घनश्याम सिंह बिष्ट, निर्मल पांडेय, प्रगति साह, सुनील साह, होशियार सिंह मेहरा, सीमा साह, रेखा त्रिवेदी और दीपा बिष्ट शामिल रहे।