नैनीताल। धारी विकासखंड के अघरिया गांव को सड़क सुविधा से जोड़ने की दिशा में प्रयास तेज हो गए हैं। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के चौथे चरण में गांव के लिए मोटर मार्ग को शामिल किया गया है और इसकी स्वीकृति भी मिल चुकी है। अब वन एवं पर्यावरण संबंधी मंजूरी मिलने के बाद सड़क निर्माण का कार्य शुरू किया जाएगा। यह जानकारी कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने अघरिया गांव पहुंचकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनने के दौरान दी।
ग्रामीणों ने मंत्री के समक्ष सड़क, बिजली, पेयजल और शिक्षा सहित विभिन्न समस्याएं रखीं। इस पर मंत्री ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए और अधिकारी ग्रामीणों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई करें।
मंत्री कैड़ा ने कहा कि अघरिया गांव को सड़क से जोड़ना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। पीएमजीएसवाई के चौथे चरण में मोटर मार्ग को स्वीकृति मिलने के बाद अब वन एवं पर्यावरण संबंधी औपचारिकताएं पूरी कराने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। आवश्यक मंजूरी मिलते ही निर्माण कार्य आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सड़क सुविधा उपलब्ध होने से ग्रामीणों को आवागमन में राहत मिलेगी और क्षेत्र के विकास को भी गति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रयासरत है। सरकार का लक्ष्य गांव के अंतिम छोर पर बसे व्यक्ति तक विकास की सुविधाएं पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनहित से जुड़े मामलों में तत्परता दिखाते हुए समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करें।
इस दौरान ब्लॉक प्रमुख धारी भावना आर्या, जिला पंचायत सदस्य रेखा देवी, मंडल अध्यक्ष धारी कृष्ण चंद्र, कोऑपरेटिव बैंक की डायरेक्टर दीपा बिष्ट, प्रकाश चंद्र नानू, ग्राम प्रधान रेखा आर्या, क्षेत्र पंचायत सदस्य रेखा आर्या, क्षेत्र पंचायत सदस्य दीपा, कमलेश बिष्ट, विवेक डंगवाल, पंकज कुमार, पंकज, प्रदीप कुमार, अजय कुमार और विनोद कुमार सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।





