पदोन्नति वेतनमान और 10, 16 व 26 वर्ष की एसीपी की मांग को लेकर 27 नवंबर को गरजेंगे कर्मचारी.. नैनीताल से बड़ी संख्या में कर्मचारी होंगे शामिल… रिपोर्ट- (सुनील भारती ) “स्टार खबर ” नैनीताल..

9

नैनीताल।पदोन्नति वेतनमान और पूर्व की भांति 10, 16 एवं 26 वर्ष की सेवा पर एसीपी (आश्वासित कैरियर प्रोन्नयन) का लाभ देने की मांग को लेकर राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद ने आंदोलन की तैयारी तेज कर दी है। 27 नवंबर को प्रस्तावित प्रदेशव्यापी विशाल रैली को सफल बनाने के लिए रविवार को परिषद की जनपद शाखा नैनीताल ने वर्चुअल बैठक कर रणनीति तैयार की। बैठक में जनपद से अधिकाधिक कर्मचारियों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
परिषद के जिलाध्यक्ष असलम अली ने कहा कि लंबे समय से पदोन्नति वेतनमान और एसीपी का लाभ नहीं मिलने के कारण कर्मचारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। इससे कर्मचारियों में असंतोष बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि कर्मचारी पूरी निष्ठा से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं, लेकिन उनकी जायज मांगों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो रही है। 27 नवंबर को नैनीताल जिले से बड़ी संख्या में कर्मचारी रैली में पहुंचकर अपनी आवाज बुलंद करेंगे।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए परिषद के प्रांतीय संरक्षक बहादुर सिंह बिष्ट ने कहा कि निर्धारित समय पर एसीपी का लाभ नहीं मिलने से कर्मचारियों में निराशा है। सरकार को कर्मचारियों की वर्षों पुरानी मांगों पर गंभीरता से विचार कर जल्द निर्णय लेना चाहिए। मांगों की अनदेखी होने पर आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
प्रांतीय उपाध्यक्ष गिरजेश कांडपाल ने कहा कि पदोन्नति वेतनमान और 10, 16 व 26 वर्ष की सेवा पर एसीपी का लाभ कर्मचारियों का प्रमुख मुद्दा है। इसके लिए सभी कर्मचारी एकजुट होकर संघर्ष करने को तैयार हैं। उन्होंने कर्मचारियों से 27 नवंबर की रैली में अधिकाधिक संख्या में पहुंचने की अपील की।

●एकजुटता के साथ रैली सफल बनाने का संकल्प..

बैठक में मंडलीय महामंत्री शशि वर्धन अधिकारी, महामंत्री उमेश सनवाल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष इसरार बेग, कुमाऊं विश्वविद्यालय शिक्षणेत्तर संघ के अध्यक्ष एवं परिषद कोषाध्यक्ष दीपक बिष्ट, डीएसबी परिसर शिक्षणेत्तर संघ के अध्यक्ष एमबी पालीवाल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष गणेश सिंह बिष्ट, विवेक सिंह, विवेक पाल, आनंद पांडे, हिमेश रावत और संजय भूपाल सिंह बिष्ट समेत कई कर्मचारी प्रतिनिधि शामिल हुए। बैठक के अंत में सभी ने 27 नवंबर की रैली को सफल बनाने के लिए सामूहिक प्रयास करने का संकल्प लिया।