★. इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम गौलापार में क्रिकेट लीग स्थगित, दर्शकों का हंगामा
★. हल्द्वानी गौलापार में एवीसीएल की ट्रॉफी धरी की धरी रह गई, पहला मुकाबला स्थगित, क्या रहा कारण …
(चन्दन सिंह बिष्ट) “स्टार खबर”
हल्द्वानी के गौलापार स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में आज से शुरू हो रही एपिक विक्ट्री क्रिकेट लीग (EVCL) का पहला मुकाबला अचानक स्थगित कर दिया गया। प्रतियोगिता के स्थगन की सूचना मिलने के बाद स्टेडियम पहुंचे दर्शकों में भारी नाराजगी देखने को मिली और मुख्य गेट पर देर शाम तक हंगामा होता रहा।

लीग का उद्घाटन मुकाबला उत्तराखण्ड सोल्जर्स और दिल्ली नाइट्स के बीच खेला जाना था। इसके साथ ही उद्घाटन समारोह में लोक गायक राकेश खनवाल, कैलाश कुमार, रागनी ग्रुप, हर्षिता कोहली और अंकित कुमार की प्रस्तुतियां प्रस्तावित थीं। प्रतियोगिता में मसूरी किंग्स, यूपी वारियर्स, हल्द्वानी टाइगर्स, दिल्ली नाइट्स, उत्तराखण्ड सोल्जर्स और वाराणसी वाइपर्स की टीमें भाग ले रही हैं।

आयोजक विकास ढाका ने बताया कि दिल्ली निवासी उनके बड़े पार्टनर प्रमोद सिंह का आज दिल्ली से हल्द्वानी आते समय हृदयगति रुकने से निधन हो गया। इस दुखद घटना के चलते शोक स्वरूप प्रतियोगिता को स्थगित करने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि पहला मुकाबला अब मंगलवार या बुधवार को खेला जाएगा और जिन दर्शकों ने टिकट खरीदे हैं, उनके टिकट आगामी मैच में एडजस्ट किए जाएंगे।

हालांकि, टिकट रिफंड न मिलने को लेकर दर्शकों में नाराजगी देखी गई। गेट पर रोके गए दर्शक शरद अग्रवाल ने बताया कि उन्होंने ₹7500 के पांच टिकट खरीदे थे। वे मैच देखने पहुंचे थे, लेकिन न तो मैच हुआ और न ही टिकट के पैसे वापस किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें अगले दिन आउट ऑफ स्टेशन जाना है, ऐसे में वे अगला मैच भी नहीं देख पाएंगे। आरोप है कि शाम करीब 5:40 बजे तक टिकट बिक्री होती रही, जबकि मैच के स्थगन की सूचना बाद में दी गई। मैच के स्थगन और रिफंड को लेकर स्पष्ट व्यवस्था न होने से दर्शकों का आक्रोश बढ़ गया और स्टेडियम के मुख्य द्वार पर देर शाम तक हंगामा चलता रहा।







