★. ओखलकाण्डा में शिक्षा व्यवस्था की समीक्षा बैठक, बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियों पर हुई विस्तृत चर्चा ★.  ब्लॉक प्रमुख के.डी. रुवाली की अध्यक्षता में प्रधानाचार्यों की बैठक, शिक्षा गुणवत्ता सुधार पर दिया गया जोर (चन्दन सिंह बिष्ट) “स्टार खबर”  ओखलकाण्डा/खनस्यूं

10

★. ओखलकाण्डा में शिक्षा व्यवस्था की समीक्षा बैठक, बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियों पर हुई विस्तृत चर्चा

★.  ब्लॉक प्रमुख के.डी. रुवाली की अध्यक्षता में प्रधानाचार्यों की बैठक, शिक्षा गुणवत्ता सुधार पर दिया गया जोर

(चन्दन सिंह बिष्ट) “स्टार खबर”

ओखलकाण्डा/खनस्यूं। सोमवार को ओखलकाण्डा विकासखण्ड में शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। यह बैठक ब्लॉक प्रमुख के.डी. रुवाली के निर्देश एवं मार्गदर्शन में खण्ड शिक्षा अधिकारी कार्यालय के सभागार, गलनी (खनस्यूं) में संपन्न हुई। बैठक में विकासखण्ड के समस्त हाईस्कूल एवं इंटर कॉलेजों के प्रधानाध्यापक एवं प्रधानाचार्य उपस्थित रहे। बैठक के दौरान विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता, विद्यालय भवनों की वर्तमान स्थिति, छात्रों के लिए प्राप्त होने वाली धनराशि एवं उसके समुचित उपयोग पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही पतलोट एवं भीड़ापानी के पीएम श्री विद्यालयों को विभिन्न मदों के अंतर्गत प्राप्त बजट के उपयोग तथा आगामी बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियों की भी समीक्षा की गई।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख के.डी. रुवाली ने कहा कि पंचायती राज अधिनियम में वर्णित 29 विषयों के अंतर्गत विभागीय समीक्षा बैठकें आयोजित की जाती हैं, जिससे विभागों के बीच आपसी समन्वय बना रहता है और विकास कार्यों का प्रभावी क्रियान्वयन संभव हो पाता है। उन्होंने कहा कि पहाड़ी एवं दूरस्थ क्षेत्रों में शिक्षा की गुणवत्ता बनाए रखने में शिक्षकों एवं विद्यालय प्रमुखों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। आप सभी अपने अनुभव, समर्पण और बौद्धिक क्षमता से ओखलकाण्डा विकासखण्ड को शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊँचाइयों तक ले जा सकते हैं।
ब्लॉक प्रमुख ने शिक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए विद्यालय प्रमुखों से सुझाव भी आमंत्रित किए तथा वर्ष में दो बार इस प्रकार की शिक्षा समीक्षा बैठक आयोजित किए जाने की बात कही। खण्ड शिक्षा अधिकारी सुलोहिता नेगी ने बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियों की जानकारी लेते हुए सभी विद्यालयों एवं पीएम श्री विद्यालयों को प्राप्त बजट के पारदर्शी एवं प्रभावी उपयोग के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में समस्त हाईस्कूल एवं इंटर कॉलेजों के प्रधानाध्यापक एवं प्रधानाचार्य उपस्थित रहे और शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने को लेकर सकारात्मक संवाद हुआ।