★. केदारनाथ धाम को मिलेगा 325वां रावल, शिवाचार्य केदार लिंग होंगे उत्तराधिकारी
★. महाशिवरात्रि पर उखीमठ में होगी विधिवत घोषणा, वर्तमान रावल भीमाशंकर लिंग ने नांदेड़ में किया ऐलान
(चन्दन सिंह बिष्ट) “स्टार खबर”
उखीमठ। पंचकेदार में प्रमुख भगवान आशुतोष के द्वादश ज्योतिर्लिंगों में से एक केदारनाथ धाम को महाशिवरात्रि के अवसर पर 325वां रावल मिलने जा रहा है। वर्तमान रावल भीमाशंकर लिंग ने स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए अपने शिष्य शिवाचार्य शांति लिंग (केदार लिंग) को उत्तराधिकारी घोषित किया है।
महाशिवरात्रि पर नांदेड़ स्थित अपने मठ में 70 वर्षीय रावल भीमाशंकर लिंग ने लिखित बयान जारी कर कहा कि अस्वस्थता के चलते अब वे केदारनाथ धाम में रावल पद का दायित्व निभाने में असमर्थ हैं। ऐसे में उन्होंने 42 वर्षीय शिवाचार्य शांति लिंग (केदार लिंग) को अपना उत्तराधिकारी नियुक्त किया है।
रावल के इस निर्णय की विधिवत घोषणा 15 फरवरी को महाशिवरात्रि के दिन पंचकेदार गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर, उखीमठ में की जाएगी। इसी अवसर पर केदारनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि की भी घोषणा की जाएगी।
घोषणा समारोह में डंगवाड़ी, भटवाड़ी, चुनी-मंगोली, किमाणा एवं पचौली डुंगर सेमला के हक-हकूकधारी व दस्तूरधारी ग्रामीणों की उपस्थिति भी रहेगी।
महाशिवरात्रि पर होने वाली यह घोषणा केदारनाथ धाम की परंपराओं में एक महत्वपूर्ण पड़ाव मानी जा रही है, जिसमें रावल परंपरा की निरंतरता बनी रहेगी।







